सुलतानपुर: पंप कर्मी से दो लाख की लूट, पुलिस मान रही मारपीट, जानें पूरा मामला
सुलतानपुर, अमृत विचार। जिले में अपराधी खाकी को खुली चुनौती दे रहे हैं। बीती रात जिला पंचायत सभागार में सिपाही को कुछ लोगों ने पीट दिया तो देर रात पल्सर सवार अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने लखनऊ-बलिया हाइवे पर स्थित पेट्रोल पंप कर्मी से असलहे के बल पर दो लाख रुपया लूट कर फरार हो गए। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस व स्वाट टीम ने जांच पड़ताल की है।
सिपाही की पिटाई में पुलिस ने तो रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया, वहीं लूट की घटना पुलिस मारपीट की घटना बता रही है। जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर बरौसा से पहले राघवपुर शुक्ल में इंडियन आयल की रॉयल पेट्रोलियम नाम से पेट्रोल पंप है। जिसका संचालन सुलतानपुर निवासी दिव्यांशु सिंह पुत्र सुशील कुमार सिंह द्वारा किया जाता है।
बुधवार की रात पेट्रोल पंप का संचालन बंद होने के बाद मोतिगरपुर थाना क्षेत्र महमूदपुर जंगल निवासी पेट्रोल पंप मैनेजर शिवराम पाल तीन कर्मियों के साथ पंप पर मौजूद थे। रात करीब 10 बजे काली पल्सर से आए नकाबपोश बदमाश आफिस में घुस गए।
पंप कर्मी कुछ समझ पाते इससे पहले बदमाशों ने उन पर असलहा सटा दिया। असलहे के बल पर नकाबपोश बदमाश दो लाख 14 हजार रुपया लूटकर बाइक से मोतिगरपुर की तरफ फरार हो गए। रात को ही सूचना पर पहुंचे बरौंसा चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र मिश्रा ने जांच पड़ताल कर घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे पंप पर टीम के साथ पहुंचे एसओजी प्रभारी धीरेंद्र वर्मा ने पंप कर्मियों से पूछताछ करते हुए जांच पड़ताल की है। कोतवाली प्रभारी प्रेमचंद्र सिंह का कहना है कि लूट की घटना झूठी है। मारपीट का मामला है। जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: पौधारोपण कर छात्र और शिक्षकों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
