हल्द्वानी: बनभूलपुरा हिंसा में शामिल पांच महिलाएं पुलिस की गिरफ्त में...हत्या का प्रयास करने तक के मामले दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बनभूलपुरा हिंसा में पुलिस ने उपद्रव में शामिल महिलाओं की पहली बार गिरफ्तारी की है। पुलिस ने पांच महिलाओं की गिरफ्तारी का खुलासा किया है। 

एसएसपी कैंप कार्यालय में एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने गिरफ्तारियों का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार बनभूलपुरा हिंसा में शुरू से ही महिलाओं के शामिल होने के भी सबूत मिल रहे थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने महिलाओं से भी पूछताछ जारी रखी।

इस बीच पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करती रही। शुक्रवार को पुलिस ने हिंसा में शामिल पांच महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। इन महिलाओं को मुकदमा संख्या 23/24 में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार उनके पास इस बात के पूरे सबूत हैं कि आठ फरवरी को हिंसा के दौरान इन महिलाओं ने भी हिंसा, आगजनी, वाहनों को नुकसान पहुंचाने से लेकर हत्या करने का प्रयास तक किया था।

पुलिस के अनुसार मामले में अभी और भी महिलाओं की गिरफ्तारी हो सकती है। पूछताछ जारी है। पुलिस ने अभी तक इन पांच महिलाओं को शामिल करके 89 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें नामजद सभी आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। 

गिरफ्तार की गईं महिलाओं का नाम और विवरण
1.शहनाज पत्नी स्व. जमील अहमद उम्र-45 वर्ष निवासी बनभूलपुरा देखरेख चौकी से तीसरी बंद गली, थाना बनभूलपुरा।
2.सोनी पत्नी नाजिम मिकरानी उम्र 33 वर्ष निवासी मलिक का बगीचा थाना बनभूलपुरा।
3.शमशीर पुत्री स्व. जमील अहमद उम्र-25 वर्ष निवासी तीसरी बन्द गली मलिक का बीचा थाना बनभूलपुरा।
4.सलमा पत्नी नफीस अहमद उम्र-50 वर्ष निवासी बनभूलपुरा देखरेख चौकी के पास मलिक का बगीचा।
5.रेशमा उम्र-45 वर्ष पत्नी मो. यामीन निवासी इन्द्रानगर मोहम्मदी मस्जिद के सामने थाना बनभूलपुरा।

25 से 50 साल तक की महिलाएं शामिल
हल्द्वानी। हिंसा करने में 25 से 50 साल तक की महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार की गईं पांच महिलाओं में दो महिलाएं ऐसी हैं जो मलिक का बगीचा के पास ही रहती हैं। पुलिस ने शनिवार को बेस अस्पताल में सभी महिलाओं का मेडिकल करा दिया है। 

इन धाराओं में किया गया है गिरफ्तार
-147, 148, 159, 307, 332, 353, 335, 427, 3/4 

22 दिन बाद पहली बार हुई महिलाओं की गिरफ्तारी
हल्द्वानी। बनभूलपुरा हिंसा में पुलिस ने 22 दिन बाद पहली बार पुलिस ने आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। अब्दुल मोईद की गिरफ्तारी के बाद माना जा रहा था कि शायद अब हिंसा में आरोपियों की गिरफ्तारी का सिलसिला रूक जाएगा लेकिन पुलिस ने इशारा कर दिया है कि मामले में अभी अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जाएगा।

बनभूलपुरा हिंसा में शामिल पांच महिलाओं को पकड़ा गया है। हमारे पास पूरे साक्ष्य मौजूद हैं कि इन महिलाओं ने उपद्रव के दिन हिंसा करने में भाग लिया था।

-प्रहलाद नारायण मीणा, एसएसपी, नैनीताल

संबंधित समाचार