बरेली: एडीआरएम के निरीक्षण में स्टेशन अधीक्षक को लगी फटकार
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों शंटिग के दौरान दो एसी कोच डिरेल्ड होने के मामले में मंगलवार को एडीआरएम ने जंक्शन का निरीक्षण किया। इस बीच स्टेशन अधीक्षक, यार्ड मास्टर समेत अन्य कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। एडीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक को आखिरी चेतावनी भी दी है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एडीआरएम मान सिंह …
बरेली, अमृत विचार। बीते दिनों शंटिग के दौरान दो एसी कोच डिरेल्ड होने के मामले में मंगलवार को एडीआरएम ने जंक्शन का निरीक्षण किया। इस बीच स्टेशन अधीक्षक, यार्ड मास्टर समेत अन्य कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। एडीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक को आखिरी चेतावनी भी दी है।
मंगलवार सुबह करीब 10 बजे एडीआरएम मान सिंह मीना जंक्शन पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले दो एसी कोच डिरेलमेंट को लेकर यार्ड और डिरेलमेंट प्वाइंट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में कई सेफ्टी चेन समेत तमाम उपकरणों में कमियां मिलीं तो अधिकांश उपकरण निर्धारित संख्या से कम पाए गए। इस पर उन्होंने जिम्मेदारों से सवाल-जवाब किया है।
निरीक्षण के दौरान पता चला कि शंटिंग स्टाफ ही पूरा नहीं था। इस पर एडीआरएम मान सिंह मीना ने स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह से पूछताछ की। उन्हें दो टूक कह दिया कि यदि आगे से संचालन को लेकर कोई भी समस्या आती है या हादसा होता है तो उन्हें अगली बार बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी अन्य कर्मचारी पर कार्रवाई से पहले उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पावर केबिन, लोको पायलट लॉबी, स्टेशन मास्टर कक्ष समेत पूरे जंक्शन का बारीकी से मुआयना किया।
जंक्शन पर पूरे दिन चलती रही साफ-सफाई
मंगलवार को जंक्शन पर जब तक एडीआरएम मान सिंह मीना और उनकी टीम रही तब तक वहां जरा भी गंदगी देखने को नहीं मिली। जरा सा कचरा होने पर कर्मचारी दौड़कर उसे साफ कर देते। दरअसल, सफाई कर्मचारियों को स्पष्ट आदेश दे दिए गए थे कि जब तक मंडल अधिकारी जंक्शन पर रहेंगे तब तक जंक्शन पर गंदगी नहीं होनी चाहिए।
