Kanpur: मोदी का गारंटी रथ जनता से लेगा सुझाव; भाजपा ने शुरू किया 'विकसित भारत, संकल्प पत्र सुझाव' अभियान...
15 मार्च तक सुझाव जुटाने का लक्ष्य, नमो एप से भी दिए जा सकेंगे सुझाव
कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में संकल्प पत्र को तैयार करने के लिए भाजपा ने ‘विकसित भारत, संकल्प पत्र सुझाव’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत मोदी की गारंटी वाला रथ प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में निकलेगा। प्रमुख चौराहों, मंदिरों गली मोहल्लों ,सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचने वाली यह वैन मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के संकल्प पत्र के लिए उनके सुझाव जुटाने का काम भी करेगी। इन सुझावों के जरिये भाजपा अपना संकल्प पत्र बनाएगी।
यह जानकारी शनिवार को भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पत्रकार वार्ता में दी। क्षेत्रीय कार्यालय में हुई वार्ता में सांसद सत्यदेव पचौरी समेत सभी जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी का 15 मार्च तक लोगों से सुझाव जुटाने का लक्ष्य है। इसके आधार पर संकल्प पत्र तैयार किया जाएगा।
सुझाव पेटिकाएं भी लगाई जाएंगी
जनता के सुझाव हासिल करने के लिए केशव नगर स्थित भाजपा कार्यालय, लोकसभा केंद्रीय कार्यालय, सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुझाव पेटिका भी लगाई जाएंगी। भाजपा के मोबाइल नंबर 9090902024 पर मिस्ड कॉल के साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, और नमो एप पर अलग-अलग प्रावधान किया गया है। भाजपा सभी विधानसभाओं में संवाद कार्यक्रम करेगी तथा कोहोर्ट ग्रुप के माध्यम से विभिन्न व्यावसायिक, वाणिज्यिक और अपने-अपने क्षेत्र में प्रमुख लोगों से घोषणा पत्र के लिए सुझाव एकत्र करेगी।
सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व संकल्प पत्र तैयार करने से पहले जनता से यह जानना जरूरी है कि अगले पांच साल में जनता देश को कैसा देखना चाहती है। जनाकांक्षाओं को देखते हुए भाजपा उसी के अनुसार अपना संकल्प पत्र भी जनता के सामने रखेगी। विकसित भारत मोदी का गारंटी रथ जनता से सुझाव जुटाने के साथ-साथ उन्हें भाजपा के साथ जोड़ने का भी काम करेगा।
इसके तहत वीडियो वैन के माध्यम से विभिन्न वर्गों के साथ संवाद किया जाएगा और उनके सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा। शिवराम सिंह, विधायक महेश त्रिवेदी, संकल्प पत्र सुझाव अभियान के क्षेत्रीय संयोजक मोहित पाण्डेय, जसविंदर सिंह, मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी, जितेंद्र सचान, अंकित शर्मा उपस्थित रहे।
