मुरादाबाद: काजीपुरा में कालोनी बनाएगा एमडीए
मुरादाबाद,अमृत विचार। एमडीए ने जल्द ही नया मुरादाबाद की तरह कांठ रोड के काजीपुरा में नई कालोनी बसाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसको लेकर एमडीए के सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने प्राधिकरण के कई इंजीनियरों के साथ काजीपुरा का निरीक्षण किया। साथ ही प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन से जुड़ी संभावनाओं का पता लगाने के …
मुरादाबाद,अमृत विचार। एमडीए ने जल्द ही नया मुरादाबाद की तरह कांठ रोड के काजीपुरा में नई कालोनी बसाने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसको लेकर एमडीए के सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने प्राधिकरण के कई इंजीनियरों के साथ काजीपुरा का निरीक्षण किया। साथ ही प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन से जुड़ी संभावनाओं का पता लगाने के लिए वहां का जायजा लिया।
बता दे कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कांठ रोड स्थित काजीपुरा में 265 एकड़ जमीन पर एमडीए ने आवासीय प्रोजेक्ट बनाने की तैयारी शुरू की है। इसमें आवासीय भूखंड, मकानों के साथ ही स्कूल, नर्सिंग होम आदि प्रतिष्ठानों के लिए व्यावसायिक भूखंड की भी व्यवस्था होगी। काजीपुरा में नई कालोनी बसाने के लिए प्राधिकरण की यह योजना मुरादाबाद में एक ड्रीम कालोनी के तौर पर स्थापित करने की है। आवासीय प्रोजेक्ट को अमल में लाने के लिए भूमि अधिग्रहण समेत तमाम संबंधित पहलुओं की जमीनी जानकारी करने की मंशा के साथ मंगलवार एमडीए सचिव ने इंजीनियरों के साथ काजीपुरा पहुंचकर जायजा लिया।
प्राधिकरण के वित्त नियंत्रक एवं लेखाकार कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रोजेक्ट को क्रियान्वित होने में काफी समय लगेगा। आने वाले समय में लोगों की जरूरतों व शहर के विकास को नया आयाम देने के मकसद से इसकी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। जल्द ही इस योजना को मुकाम दिया जायेगा।
एमडीए सचिव सर्वेश कुमार गुप्ता ने बताया कि काजीपुरा में कॉलोनी बसाने के संबंध में अभी सैद्धांतिक परिकल्पना की गई है। व्यावहारिक धरातल पर इस प्रोजेक्ट के कार्यान्वयन की संभावनाओं के अनुरूप इसका खाका तैयार किया जाएगा। प्राधिकरण ने शहर के विकास को नए आयाम देने की मंशा के साथ ही एक महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के लिए प्रयास शुरू किए हैं। जल्द ही इस योजना को तैयार किया जायेगा।
जर्जर हो रही इमारतों की नीलाम करेंगा एमडीए
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कई योजनाओं के तहत बनाई गईं इमारतें बिक्री न होने की वजह से जर्जर हालत में पहुंच गई है। इसकों बेचने के लिए एमडीए ने नीलामी की तैयारी करना शुरू कर दी है। सूची तैयार होने के बाद जल्द ही ऐसी इमारतों को बेचा जाएगा। एमडीए द्वारा रामपुर रोड, मझोला, नया मुरादाबाद समेत कई इलाकों में अलग-अलग योजनाओं के तहत इमारतों का निर्माण कराया गया है। कुछ जगह तो एमडीए ने अपनी प्रॉपट्री की बिक्री कर ली लेकिन कई जगह एमडीए की इमारतें बिक्री न होने की वजह से जर्जर हालत में पहुंच गई है। कुछ जगह बिक्री न होने ही वजह यह भी रही कि शहर से दूरी होने के कारण एमडीए की इमारते बिक नहीं पाई है। एमडीए सचिव एसके गुप्ता ने बताया कि जनपद में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा योजनाओं के तहत बनाई गई इमारतों को जल्द ही नीलाम किया जायेगा। इसके लिए प्राधिकरण के अधिकारियों को सूची बनाने के आदेश दिए गए है। सूची तैयार होने के बाद सभी प्रॉपट्री की नीलामी के दौरान बिक्री कराई जाएगी।
