Etawah: लापता युवक का शव कुएं में मिला, हत्या का आरोप, पुलिस बोली- पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कारण होगा स्पष्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में लापता युवक का शव कुएं में मिला

इटावा, अमृत विचार। लवेदी थाना क्षेत्र के गांव धौरखा से तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शव कुएं में मिला। मृतक के परिजन  घर से अगवा कर हत्या करके शव को कुएं में डालने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस आत्महत्या  का मामला मान रही है।

गांव धौरखा में रहने वाला 40 साल का छोटे लाल 29 फरवरी रात अपने घर से लापता हो गया। आधी रात बाद पत्नी जागी तो कमरे में पति को गायब पाकर शोर मचाया। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। 

रविवार शाम एक ग्रामीण गांव से एक किलोमीटर दूरी पर धनीराम के खेत के पास कुएं के पास ही रखी रस्सी और बाल्टी से कुएं से पानी निकालने के लिए कुएं की ओर झुका तो शव तैरता नजर आया जिस पर उसने गांव आकर मामले की जानकारी दी। सूचना लवेदी पुलिस को दी गई।

पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकाला तो उसकी पहचान लापता हुए छोटे लाल के रुप में की गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पत्नी पूनम देवी ने बताया कि उसकी गांव में किसी से भी रंजिश नहीं है, अज्ञात लोग उनको घर से अगवा कर ले गए, हत्या करने के बाद उसके शव को कुएं में डाल गए। 

मृतक चार भाई है जिसमें तीन भाई लवेदी थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में रहकर मजदूरी करते हैं।  छोटे लाल अपनी पत्नी पूनम बेटी काजल 16, पायल 14, वैष्णवी 07, जाह्नवी 05 के साथ अपने पैतृक गांव धौरखा में ही रहकर मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। 

उसकी संदिग्ध हालात में मौत से पत्नी और बेटियों के सिर से भरण-पोषण करने वाले का साया छिन गया। काफी लोगों ने शोक व्यक्त किया। थाना प्रभारी सनत कुमार ने बताया कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा, उसी के अनुरूप कार्यवाही की जाएगी। अभी शुरुआती जांच में मामला खुदकुशी का लग रहा है।

ये भी पढ़ें- Exclusive News: शहर के ये चार चौराहे...जहां सबसे ज्यादा नियम तोड़ते वाहन सवार, अब यातायात पुलिस का चलेगा हंटर

संबंधित समाचार