हल्द्वानी: अब्दुल मलिक के घर पर 2.68 करोड़ की वसूली का नोटिस चस्पा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। तहसील प्रशासन ने बनभूलपुरा बवाल के मास्टर माइंड अब्दुल मलिक के घर 2.68 करोड़ रुपये की वसूली का नोटिस चस्पा कर दिया है। आज जिला जेल नैनीताल में मलिक को नोटिस तामील कराया जाएगा। 

बीती 8 फरवरी को बनभूलपुरा में कंपनी बाग में नजूल भूमि से अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम, प्रशासन, पुलिस की संयुक्त टीम पर उपद्रवियों ने पथराव व आगजनी की और बनभूलपुरा पुलिस थाना फूंक दिया था। अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की जेसीबी, वाहन, अन्य उपकरणों को भी क्षतिग्रस्त किया था।

इस पर पूर्व नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने नुकसान का आकलन करने के बाद भरपाई के लिए अब्दुल मलिक निवासी लाइन नंबर-8, आजाद नगर की 2,68,40002 रुपये की आरसी काट दी थी। इसमें 2.44 करोड़ रुपये जुर्माना, 24.40 लाख रुपये वसूली शुल्क व 2 रुपये साइटेशन शुल्क शामिल हैं।

तहसील प्रशासन पहले तो फरार अब्दुल मलिक की तलाश कर रहा था लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बाद वसूली के लिए उसकी चल-अचल संपत्ति ढूंढने में लग गया था। साथ ही जेल में बंद बंदी को नोटिस तामीली को लेकर भी कानूनी दावपेच समझे जा रहे थे। इधर, सोमवार को संग्रह अमीन ने मलिक के आजाद नगर स्थित घर पर वसूली का नोटिस चस्पा कर दिया है। संभावना है कि आज जिला जेल में बंद मलिक को जेल में ही नोटिस तामील कराया जाएगा। 


अब्दुल मलिक के घर पर वसूली का नोटिस चस्पा कर दिया है। आज जिला जेल नैनीताल में उसको नोटिस तामील कराया जाएगा। यदि वह रकम जमा नहीं करता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी। 
-सचिन कुमार, तहसीलदार, हल्द्वानी 
  

 

संबंधित समाचार