गोंडा: प्रिसिंपल की हत्या पर भड़के छात्र छात्राओं ने परिजनों संग लगाया जाम, जानिए क्या है पूरा मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये के मुआवजे की मांग

बभनान/मसकनवा,गोंडा, अमृत विचार। छपिया थाना क्षेत्र के सिसहनी गांव में सोमवार को हुई प्रधानाचार्य की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को परिजन सड़क पर उतर आए। परिजनों ने कालेज के छात्र छात्राओं संग प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की‌ और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम हटवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस अधीक्षक और मनकापुर एसडीएम के पहुंचने के बाद परिजन बात करने को तैयार हुए। इस दौरान करीब 6 घंटे तक सड़क जाम रही।‌ अफसरों ने परिजनों की मांग को शासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लिये छपिया पुलिस को निर्देशित किया है। 

छपिया थाना क्षेत्र के सिसहनी गांव स्थित श्री सीडी यादव इंटर कालेज के प्रधानाचार्य रहे दिनेश यादव की सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। परिजनों ने इस मामले में सिसहनी गांव को रहने वाले राज सिंह व अजय वर्मा के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस ने राज सिंह के तो गिरफ्तार कर लिया था लेकिन अजय वर्मा फरार हो गया था। आरोपी अजय की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित परिजन मंगलवार को फूलपुर चौराहे पर धरने पर बैठ गए और शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजनों के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही इंटर कालेज के सैकड़ों छात्र छात्राएं धरनास्थल पर पहुंच गए। 

13 - 2024-03-05T180059.659

इस धरना प्रदर्शन से  बभनान मुख्य मार्ग पूरी तरीके से जाम हो गया और  दोनों तरफ से आवागमन बंद हो गया।‌ धरना प्रदर्शन की सूचना पुलिस तक पहुंची तो उसके हाथ पांव फूल गए‌। पहले बभनान चौकी प्रभारी अंकित सिंह मौके पर पहुंचे। इसके कुछ देर बाद छपिया एसओ सत्येंद्र वर्मा भी पहुंच गए‌ लेकिन दोनो पुलिसकर्मी परिवार वालों को समझाने में नाकाम रहे। मामले की सूचना वरिष्ठ अफसरों को दी गयी तो सीओ मनकापुर राजेश सिंह व एसडीएम यशवंत राव भी धरनास्थल पर पहुंच गए। लेकिन परिजन किसी की सुनने को तैयार नहीं हुए। इस दौरान धरनास्थल पर हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए‌। इसके बाद एसपी विनीत जायसवाल ने खुद मौके पर पहुंचकर कमान संभाली और स्थानीय लोगों की मध्यस्थता से  परिजनों से बात की‌। हालांकि परिजन हत्याकांड में शामिल नामजद दो आरोपियों के अलावा कुछ और नाम बढ़ाने और सात सूत्रीय मांगों को लेकर जिद पर अड़े रहे। काफी मान-मनौव्वल के बाद उन्होने अपना मांग पत्र पुलिस अधीक्षक और एसडीएम को सौंपा। 

एसपी ने मामले में और नाम बढ़ाने, परिवार की सुरक्षा और फरार हत्यारोपी के शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया तब जाकर परिजन धरने से हटे।इस दौरान करीब 6 घंटे तक‌ सड़क जाम रही और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। विरोध प्रदर्शन को लेकर मंगलवार को फूलपुर चौराहा पुलिस छावनी में तब्दील रहा। कटरा, करनैलगंज व उमरी बेगमगंज को छोड़कर जिले की सारे थानों की फोर्स धरनास्थल पर लगायी गयी थी।

ये भी पढ़ें -पूर्व सांसद धनंजय सिंह जौनपुर अपहरण मामले में दोषी करार, भेजे गए जेल

संबंधित समाचार