पीलीभीत: चुनावी काम में लगाई ड्यूटी में भी नहीं गए सफाई कर्मचारी, हुए निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव संपन्न कराने के लिए चल रही तैयारियों के बीच ड्यूटी को लेकर दो सफाईकर्मियों ने लापरवाही कर दी। ड्यूटी तय होने के बाद भी वह चुनाव कार्यालय में नहीं पहुंचे। वहीं, दो अन्य सफाईकर्मी तैनाती वाले गांव से नदारद चल रहे थे। चारों सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

मरौरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत बनौसा के गांव नवदिया कुर्रइया में कार्यरत सफाई कर्मी रंजीत कुमार और इसी ब्लॉक के कुर्रइया गांव में कार्यरत राम बिहारी की लोकसभा चुनाव को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियों के बीच निर्वाचन कार्यालय में ड्यूटी लगाई गई थी।

इन दोनों कर्मचारियों को लोकसभा चुनाव में प्रयोग होने वाली पुस्तकों को लेकर लखनऊ जाना था। जिसके लिए उन्हें तीन मार्च को निर्वाचन कार्यालय में उपस्थित होना था। मगर वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। उन्हें कॉल कर बुलाने का प्रयास भी किया गया। इस पर भी वह लापरवाह बने रहे। निर्वाचन कार्यालय की ओर से दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करते हुए डीपीआरओ को रिपोर्ट भेजी गई थी। 

इस पर डीपीआरओ ने दोनों को निलंबित कर दिया। इधर, बरखेड़ा ब्लॉक के गांव अमखेड़ा में कार्यरत सफाई कर्मी मोहन स्वरूप तैनाती गांव में साफ सफाई कार्य को नहीं पहुंच रहे थे। बिना सूचना दिए ड्यूटी से नदारद रहते। इस पर उसे भी निलंबित कर दिया गया। वहीं, पूरनपुर ब्लॉक के गांव अमरैया कला में कार्यरत सफाई कर्मी गोकरनलाल को भी ड्यूटी में  लापरवाही बरतने और सफाई कार्य ठीक से न करने पर निलंबित किया गया है। डीपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि लापरवाही पर चार सफाई कर्मियों को निलंबित किया गया है।

ये भी पढे़ं- पीलीभीत: 30 करोड़ से बदली जा रही 663 गावों की सूरत, शहरी तर्ज पर होगा काम

संबंधित समाचार