बिहार: एनडीए में आए मुकेश सहनी, 11 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी वीआईपी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) बिहार विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वीआईपी के पटना में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में बुधवार को इसकी घोषणा की गई। पटना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा …

पटना। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) बिहार विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और वीआईपी के पटना में आयोजित एक संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में बुधवार को इसकी घोषणा की गई। पटना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि राजग में भाजपा को अपने कोटे से वीआईपी को सीटें देने की घोषणा पहले ही की गई है। उसी आधार पर भाजपा अपने कोटे की 11 सीटें वीआईपी को देगी तथा भविष्य में एक विधान परिषद की सीट इस पार्टी को देगी।

इधर, प्रेस कांफ्रेंस में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कांग्रेस हो या राष्ट्रीय जनता दल (राजद) हमेशा पिछड़ों, अति पिछड़ों को ठगने का काम किया है। उन्होंने वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी का राजग में स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने में भी अतिपिछड़ों का बहुत बड़ा योगदान रहा है।

उन्होंने कहा, “आज विपक्षी दलों का महागठबंधन का आकार छोटा होता जा रहा है। इस गठबंधन में शामिल सभी दल एक-एक कर छोड़कर जा रहे हैं।” इधर, वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत जहां से की थी, आज उनकी पुनर्वापसी हुई है। इसकी उन्हें खुशी है। उन्होंने कहा, “एक ओर जहां महागठबंधन में एक अति पिछड़े की पीठ में खंजर मारने का काम किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उस पर मरहम लगाने का काम किया।”

सहनी ने कहा कि उनकी पार्टी यहां किसी पद या सीट के लालच में नहीं आई है, बल्कि राजग की ओर से जो भी दायित्व उन्हें मिलेगा वे उसका निर्वहन करेंगे। उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में से राजग में शामिल जनता दल (युनाइटेड) के हिस्से 122 सीट आई है, जबकि भाजपा के हिस्से 121 सीटें आई हैं। जदयू ने अपने कोटे से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) को जहां सात सीटें दी हैं, वहीं भाजपा ने अपने कोटे से वीआईपी को 11 सीटें दी हैं।

संबंधित समाचार