धर्म परिवर्तन कराकर युवती का निकाह कराने का आरोप, जांच में जुटी गोंडा पुलिस-Video 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आरोपी के चंगुल से छूटकर एसपी कार्यालय पहुंची पीड़िता ने बताई पूरी कहानी

गोंडा, अमृत विचार। जिले के छपिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कराकर निकाह करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मुस्लिम युवक ने पहले हिंदू बनकर युवती को अपने प्रेमजाल में फंसाया और फिर उसे अपने साथ लखनऊ भगा ले गया। लखनऊ में उसने युवती का जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उससे निकाह कर लिया। उसने धर्म परिवर्तन से इंकार किया तो उसके साथ जबरदस्ती की गयी और घर में बंधक बनाकर रखा गया। मौके मिलने पर युवती आरोपी के घर से भाग निकली और सीधे छपिया थाने पहुंची। लेकिन छपिया पुलिस ने उसकी शिकायत ही नहीं सुनी। परेशान पीड़िता सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपर पुलिस अधीक्षक को अपनी पीड़ा बताई। एएसपी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए छपिया पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 

छपिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीया युवती के मुताबिक 2 साल पहले उसकी साबिर नाम के युवक से दोस्ती हुई थी। प्रेमजाल में फंसाकर युवक उसे भगाकर लखनऊ ले गया और  उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराकर उससे निकाह कर लिया।‌ युवती का कहना है कि उसने धर्म परिवर्तन का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गयी। आरोप है कि उसका पति साबिर, ससुर अब्दुल और सास सिराजुलनिशा उसे लगातार प्रताड़ित करते रहे। किसी तरीके से वह आरोपी के घर से भाग निकली और सीधे छपिया पुलिस के पास पहुंची। पीड़िता का कहना है कि उसने पुलिस को पूरी कहानी बताई लेकिन छपिया पुलिस ने उसकी शिकायत को अनसुना कर दिया। 

गुरुवार को पीडिता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और अपर पुलिस अधीक्षक को पूरी घटना बताई। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छपिया पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


ये भी पढ़ें -69000 शिक्षक भर्ती: नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने घेरा शिक्षामंत्री का आवास, देखें वीडियो

संबंधित समाचार