बहराइच: अभियुक्त के घर दबिश देने गई पुलिस की टीम पर दबंगों ने किया हमला, छह नामजद और 12 अज्ञात पर केस दर्ज
पयागपुर, बहराइच, अमृत विचार। जिले के रूकनापुर गांव निवासी एक एनबीडब्ल्यू के वारंटी के घर दबिश देने गई पुलिस की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। जिसमें उप निरीक्षक समेत दो घायल हो गए। उप निरीक्षक की तहरीर पर महिला समेत छह नामजद और 12 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक परिवार के लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
हुजूरपुर थाने में पयागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रूकनापुर निवासी शरद सिंह उर्फ गोलू सिंह पुत्र विजय कुमार सिंह के विरुद्ध केस दर्ज है। जिसके विरुद्ध न्यायालय ने एनबीडब्ल्यू वारंट जारी किया है। हुजूरपुर पुलिस को अपराधी के गांव में होने की सूचना मिली। जिस पर हुजूरपुर पुलिस ने पयागपुर पुलिस को अपराधी को गिरफ्तार करने की बात कही। जिस पर पयागपुर थाने के उप निरीक्षक राजेश कुमार गुप्ता और हेड कांस्टेबल दयाराम यादव की टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गई।
आरोप है कि परिवार की महिलाओं और पुरुषों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। उप निरीक्षक की सूचना पर थाने की अन्य पुलिस पहुंची। उप निरीक्षक और हेड कांस्टेबल को छुड़ाकर लाए। इसके बाद उप निरीक्षक ने थाने में तहरीर दी। उप निरीक्षक की तहरीर पर रूकनापुर गांव निवासी रजत प्रताप सिंह पुत्र लल्ला सिंह, रवि सिंह, हर्षित सिंह, पूनम सिंह, दीपिका सिंह, श्वेता सिंह को नामजद और 10 से 12 अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज हुआ है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी हीरालाल कनौजिया ने बताया कि शातिर अपराधी की सूचना पर पुलिस टीम गई थी। जिस पर हमला हुआ है। सभी के विरुद्ध बलवा फैलाने, सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ है।
यह भी पढे़ं: लखनऊ: कमिश्नर रोशन जैकब ने की स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए यह अहम निर्देश...
