बदायूं: शराब के लिए नहीं दिए रुपये तो हैवान बना पति, पेट्रोल छिड़ककर पत्नी को जिंदा जलाया

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

महिला को बचाने के दौरान झुलस गई सास, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती

बदायूं, अमृत विचार। विश्व महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शराब के नशे में धुत पति हैवान बन गया। शराब पीने के लिए पत्नी से रुपये मांगे। पत्नी के मना करने पर उसके ऊपर पेट्रोल छिड़कर जिंदा जला दिया। महिला की सास ने बचाने का प्रयास किया तो वह झुलस गई।

एसडीएम प्रवर्धन शर्मा और सीओ सहसवान कर्मवीर सिंह ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया है। झुलसी महिला को बिल्सी के अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है। जिसने भी घटना सुनी उसकी रुह कांप गई।

मुजरिया क्षेत्र के गांव नैथुआ निवासी मुनीष सक्सेना पुत्र प्रेम स्वरूप सक्सेना कुछ समय से शराब पीने का आदी है। उसके चार बेटे हैं। जो मजदूरी करते हैं। मुनीष सक्सेना ने 15 दिन पहले अपनी बेटी की शादी की थी। परिजन मुनीष सक्सेना को शराब पीने से मना करते हैं लेकिन वह नहीं मानता।

जिसके चलते घर में आए दिन विवाद होता रहता है। गुरुवार शाम भी वह शराब पीकर घर आया था। उसने सन्नो देवी (40) से शराब पीने को रुपये मांगे। सन्नो देवी ने रुपये देने से मना कर दिया। इस बात से मुनीष इतना गुस्सा गया कि घर के बाहर गया। बाइक से पेट्रोल निकालकर लाया। सन्नो देवी पर छिड़ककर आग लगा दी।

आग की लपटें देखकर सन्नो देवी की सास पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया। उनके हाथ झुलस गए। कुछ समय के बाद सन्नो देवी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मुजरिया की थानाध्यक्ष आरती कौशिक घटनास्थल पर पहुंचीं। आलाधिकारियों को सूचना दी। मुन्नी देवी को बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।

शराबी पति ने अपनी पत्नी के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई थी। महिला की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी पति को गिरफ्तार किया गया है- कर्मवीर सिंह, सीओ सहसवान।

ये भी पढ़ें- Budaun: दो बाइकों की भिड़ंत में हाईस्कूल के छात्र की मौत, दो घायल

संबंधित समाचार