महाशिवरात्रि: प्रयागराज में जुटी श्रद्धालुओं की भीड़, शिवालयों में किया दर्शन-पूजन
प्रयागराज, अमृत विचार। पूरे देश में महाशिवरात्रि का पर्व पूरे उत्साह के साथ भक्त मना रहे हैं। प्रयागराज में इस मौके पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के शिवालयों में जुटी। जहाँ भक्तों ने भगवान शिव का दूध,जल,दही, शहद से अभिषेक कर उनका पूजन किया। उन्होंने मनोकामना पूर्ण होने के लिए प्रार्थना भी की।
महाशिवरात्रि पर संगम में भारी भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई और दान पुण्य किया। विशेष रूप से शिव मंदिरों में मनकामेश्वर, पड़िला महादेव, नाथेश्वर धाम, तक्षक तीर्थ, कमौरी नाथ बरुआ बाबा, पंचमुखी महादेव समय समेत तमाम शिवालियों में महादेव की पूजा और रुद्राभिषेक किया गया। यमुना तट पर स्थित भगवान शिव के मनकामेश्वर मंदिर में भोर से श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। अधिक भीड़ होने से सड़क पर कई किलोमीटर लंबी कतार देखने को मिली।

मंदिर के महंत धारानंद ब्रह्मचारी ने बताया कि भोर से ही भगवान शिव का दर्शन और पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी हुई है। वहीँ शिवकुटी में गंगा के तट पर कोटेश्वर महादेव में भी लोगों ने जलाभिषेक किया। शिव कचहरी में भी भक्तों ने भगवान नारायण के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक कर अपने मनोकामना पूर्ण होने के लिए पूजन-अर्चन किया।

प्रदोष के साथ बन रहा शिवयोग
ज्योतिष के जानकार बताते हैं कि आज महाशिवरात्रि के मौके पर कई दुर्लभ सहयोग भी बना रहे हैं। शुक्रवार को महाशिवरात्रि के दिन प्रदोष होने पर शिवयोग भी बन रहा है। शिवरात्रि के दिन प्रदोष होने और उसी के साथ शिवयोग होने का कारण यह है कि महाशिवरात्रि विशेष फलदाई है। महंत धरानंद बताते हैं कि महाशिवरात्रि के दिन इस योग में गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक व पूजन करना अधिक महत्वपूर्ण और विशेष लाभदायक होता है।

पांच हजार बिस्किट से बना केदार नाथ धाम
संगम की रेती पर 5 हजार बिस्किट से बाबा केदारनाथ मंदिर का मॉडल बनाया गया। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के फाइन आर्ट्स के छात्र अजय गुप्ता और उनकी टीम ने इस मॉडल को तैयार किया है।
दर्शन के लिए कई घंटे कतार में लगे श्रद्धालु
नैनी। महाशिवरात्रि पर्व पर अरैल स्थित प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने को शुक्रवार भोर से भारी भीड़ उमड़ी रही। भीड़ का आलम यह था कि लोगों को दर्शन के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ा। वहीं इस मौके पर अरेल घाट पर स्नानार्थियों की भीड़ भी पूरे दिन रही। स्नान के बाद लोगों ने जल भर कर ले गए और शिवालयों में जलाभिषेक किया। लोगों ने मंगलकामना के साथ जल, दूध, शहद, गन्ने का रस एवं दही से शिवलिंग का अभिषेक किया।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सोमेश्वर महादेव मंदिर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। भीड़ को देखते हुए मंदिर और उसके आसपास पुलिस फोर्स तैनात रही। उनके सहयोग में नागरिक सुरक्षा कोर और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवी भी लगे रहे। इसी प्रकार क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में सुबह से भी शिवार्चन के लिए लोगों की भीड़ जमा रही।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज: माघ मेला के अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर छह लाख लोगों ने लगाई गंगा में डुबकी
