ED Raid On Irfan Solanki: कागजों पर जब्त कार इरफान सोलंकी के घर खड़ी मिली...अब उठ रहे यह सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कागजों पर जब्त कार इरफान सोलंकी के घर खड़ी मिली

कानपुर, अमृत विचार। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी, भाई रिजवान सोलंकी, पिता स्व. हाजी मुश्ताक सोलंकी, नूरी शौकत, हाजी वसी के घरों समेत छह स्थानों पर हुई प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी से पूर्व में हुई पुलिस की लापरवाही का खुलासा हुआ।

ईडी को विधायक के घर पर एक क्रेटा कार खड़ी मिली जिसे 2022 में जब्त करने का आदेश दिया गया था। वहीं एक और जब्त की गई आईटेन कार गायब है।

वर्ष 2022 में तत्कालीन पुलिस कमिश्नर ने सफारी समेत तीन गाड़ियों के जब्तीकरण के आदेश दिए थे पर क्रेटा कार जब्त नहीं की गई। ईडी के छापेमारी के बाद मामला खुला तो पुलिस ने जांच के आदेश दिए हैं। 

डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि पहले इरफान सोलंकी की तीन गाड़ियों सफारी, क्रेटा और आईटेन के जब्तीकरण के आदेश दिए गए थे। पूर्व में इंस्पेक्टर धनन्जय पांडेय, अशोक कुमार दुबे, सुनील कुमार सिंह की तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी।

उन्होंने बताया कि तीन गाड़ियों में से एक सफारी जाजमऊ थाने में खड़ी है। क्रेटा कार जब्तीकरण के बाद विधायक के घर पर कैसे खड़ी मिली, इसकी जांच होगी। उधर जब्त की गई आईटेन कार घर व थाने में नहीं मिली है, संभवत: कार्रवाई के बाद किसी रिश्तेदार को दी गई है।

ऐसे में संबंधित पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। इसको लेकर उन लोगों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया है। मामले की जांच सहायक पुलिस आयुक्त कैंट अंजलि को सौंपी गई है। पुलिस ने शुक्रवार को घर में खड़ी क्रेटा को अपने कब्जे में ले लिया। 

संबंधित समाचार