राष्ट्रीय लोक अदालत : बैंक ऋण के 981 वाद निस्तारित, सात करोड़ से ज्यादा की वसूली
बरेली, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर शनिवार को न्यायालय परिसर में लोक अदालत लगाई गई।
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनोद कुमार और अपर जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार यादव ने दीप जलाकर अदालत का आरंभ किया। न्यायिक अधिकारियों, विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों के अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं पदाधिकारियों ने लंबित वादों का निस्तारण कराया।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सत्य प्रकाश आर्य ने बताया कि 2 लाख 79 हजार 358 वादों का निस्तारण किया गया। जनपद न्यायालय ने 6862, प्रशासनिक अधिकारियों ने 43448, परिवहन विभाग ने 1206, मोटर दावा दुर्घटना अधिकरण ने 251 वाद निस्तारित कराए। वाणिज्यिक न्यायालय ने 17 वादों का निस्तारण समझौते के आधार पर कराया।
सत्र न्यायालयों के 388, सिविल प्रकृति के 2,127, पारिवारिक मामलों के 103, फौजदारी के 4,347 वादों का निस्तारण आपसी सुलह के आधार पर हुआ। 9,797 ई-चालान भी निस्तारित किए गए। सचिव ने बताया कि विभिन्न बैंकों ने ऋण से संबंधित 981 वाद निस्तारण किए। 7 करोड़ 97 लाख 80 हजार 871 रुपये वसूल किए।
ये भी पढ़ें- बरेली: दहेज के लिए महिला को खाने को दी कीड़ों वाली रोटी, छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
