ED Raid On Irfan Solanki: इरफान की जब्त संपत्ति के भौतिक सत्यापन के निर्देश...24 घंटे के भीतर सौंपे रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीसीपी पूर्वी ने इरफान के गैंगस्टर एक्ट की समीक्षा की

कानपुर, अमृत विचार। सपा विधायक इरफान सोलंकी की गैंगस्टर एक्ट में जब्त की गई संपत्तियों में कार विधायक के घर में खड़ी मिली थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के दौरान मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस ने वाहनों को जब्त किया था।

शनिवार को डीसीपी पूर्वी ने गैंगस्टर एक्ट के पूर्व विवेचकों व जांच अधिकारियों संग बैठक कर जब्त संपत्तियों के भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। साथ ही विधायक व उनके साथियों की चिन्हित संपत्ति जब्त कर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। 

सपा विधायक इरफान सोलंकी के घर बीते गुरुवार हुई छापेमारी के बाद पुलिस की कार्यशैली की पोल खुल गई थी। दिसंबर 2022 में सपा विधायक के आत्मसमर्पण के बाद इरफान व उनके सहयोगियों की चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित किया गया था।

फरवरी 2023 में इरफान के मालिकाना हक वाली तीन गाड़ियां ग्रैंड आई-10, टाटा सफारी व क्रेटा को सीज करने के आदेश दिए गए थे। पुलिस ने दो गाड़ियां तो सीज कर दी थी, लेकिन क्रेटा कार जब्त नहीं की गई।

ईडी की छापेमारी के दौरान घर में कार खड़ी मिलने के बाद जानकारी सामने आई। सोशल मीडिया पर कार की तस्वीरें वायरल होने के बाद एसीपी कोतवाली ने कार को सीज किया।

शनिवार को डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने जाजमऊ थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट में जांच और विवेचना कर चुके पूर्व जाजमऊ प्रभारी अरविंद सिंह सिसोदिया, पूर्व इंस्पेक्टर फीलखाना व वर्तमान में फजलगंज में तैनात सुनील कुमार सिंह, तत्कालीन फीलखाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह व जाजमऊ प्रभारी अजय मिश्रा के साथ बैठक की।

डीसीपी ने बैठक में निर्देश दिए कि जब्त की गई संपत्ति का पुनः भौतिक सत्यापन मामले के विवेचक व बीट कांस्टेबल मौके पर जाकर करेंगे। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के अंदर भौतिक सत्यापन की रिपोर्ट देनी होगी। 
विधायक व सहयोगियों की 75 करोड़ की जब्त हो चुकी संपत्ति

गैंगस्टर एक्ट में 14(1) की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने विधायक इरफान सोलंकी की 11 करोड़, 41 लाख, 625 रुपये की कुल संपत्तियों को जब्त किया गया है। उनके सहयोगियों को मिला कर 75 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां जब्त की जा चुकी है। सभी संपत्तियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।

ये भी पढ़े- Kanpur: पुलिस कमिश्नर के पीआरओ व डीसीपी साउथ को धमकी देने वाला गिरफ्तार...हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर से है ये कनेक्शन

संबंधित समाचार