Unnao: दावे तमाम, हकीकत में सब धड़ाम...आइये ‘जनाब’ यहां हर समय उपलब्ध है ‘शराब’, पीजिए और मजा लीजिए
उन्नाव में में धड़ल्ले से समय से पूर्व और समय के बाद बिक रही शराब
उन्नाव, अमृत विचार। निजाम बदलते ही आबकारी विभाग ने एक बार फिर से अंधेरगर्दी का चोला ओढ़ लिया है। सारे नियम दरकिनार हैं और विभागीय नियमों को खुलेआम तोड़ा जा रहा है। विभाग की ओर से जहां एक ओर सुबह 10 से रात 10 बजे तक ही दुकानों से शराब बिक्री किये जाने के आदेश हैं।
वहीं, दूसरी ओर विभागीय अफसरों की सरपरस्ती से शराब दुकानों में भोरपहर से ही शराब मिलनी शुरू हो जाती है और देररात तक यह बिक्री बदस्तूर जारी रहती है। यहीं नहीं तय समय से पहले या बाद में शराब लेने जाने पर ग्राहक को निर्धारित दामों से अधिक मूल्य देना पड़ता है। ऐसा न करने पर उसे लौटा दिया जाता है। वहीं, इस कारगुजारी पर उनके सरपरस्त विभागीय अधिकारी जानकारी न होने की बात कहते हैं।

बता दें कि बीती 8 दिसंबर को सोहरामऊ थानाक्षेत्र के बिचपरी गांव में मिलावटी शराब पीने से इसी गांव के निवासी हुलासी और पृथ्वीपाल की मौत हो गई थी। जबकि तीसरे साथी जयकरन की जान जाते-जाते बची थी। मिलावटी शराब से मौतें होने की सूचना से प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक हड़कंप मच गया था।
घटनास्थल की जांच के लिए आईजी रेंज तरुण गाबा ने भी मौके का निरीक्षण किया था। इसके बाद की गई कार्यवाही की जद में तत्कालीन जिला आबकारी अधिकारी करुणेंद्र सिंह, हसनगंज आबकारी निरीक्षक कुमार गौरव सिंह, सोहरामऊ एसओ रहे अवधेश कुमार, हल्का इंचार्ज इंद्र बहादुर, सिपाही संजेश कुमार व आशीष पांडेय पर कार्यवाही भी की गई थी।
इसके बाद एसपी के पीआरओ रहे कमल दुबे को सोहरामऊ थाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद कुछ समय के लिये अवैध शराब बिक्री पर लगाम लगी। लेकिन, जैसे-जैसे समय बीता सभी जिम्मेदारों ने नियमों को ताक पर रखते हुए शराब माफियाओं के कंधों पर अपना हाथ रख दिया और दिन-रात अंधेर शुरू हो गया।
पुलिस व आबकारी विभाग की मिलीभगत से क्षेत्र में एक बार फिर से अवैध के साथ-साथ दुकानों से भी नियमों को ताक पर रखते हुए समय-बेसमय शराब की बिक्री शुरू कर दी गई। मौजूदा समय में क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री का मामला फिर से बढ़ता जा रहा है। थाना पुलिस की शह पर शराब माफिया दिनरात शराब की बिक्री कर रहे हैं।
दावे तमाम पर हकीकत में सिर्फ सिफर…
मिलावटी शराब से दो-दो मौतें होने के बाद भी सोहरामऊ पुलिस व आबकारी विभाग अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश नहीं लगा पा रहा है। क्षेत्र में तय समय से पहले ही ठेकों के ताले खोलकर खुलेआम शराब बेची जा रही है। विभागीय अफसरों की सरपरस्ती शराब मफियाओं के लिए संजीवनी साबित हो रहा है।
होली पर अवैध शराब की बिक्री के लिये माफियाओं ने कसी कमर
एक पखवाड़ा में होली का त्योहार आ रहा है। इसे देखते हुए शराब माफियाओं ने अभी से कमर कस ली है। दुकानों में अवैध शराब का भंडारण और बिक्री शुरू हो चुकी है। सब जानते हुए भी जिम्मेदार चुप्पी साधे हैं।
बोले जिम्मेदार…
जिला आबकारी अधिकारी रवि शंकर ने कहा कि आबकारी निरीक्षक से कहकर इसकी जांच कराई जाएगी। अगर कहीं भी अनियमितता मिलती है तो कार्यवाही की जाएगी। वहीं, आबकारी निरीक्षक हसनगंज ज्योति अग्रवाल ने बताया कि आप के द्वारा ही इसकी जानकारी हुई है। निरीक्षण किया जाएगा। अगर ऐसा पाया जाता है तो संबंधित दुकानों का लाइसेंस निरस्त करने की कार्यवाही की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर दर्शन के लिए गए छह जिगरी दोस्त, घर आई मौत की खबर, सोशल मीडिया में वो आखिरी सेल्फी...
