पीएम कर्मयोगी व सीएम जन्मयोगी, यह राजनीति का स्वर्णिम युग: धर्मपाल सिंह
गोंडा, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के लिए देवी पाटन मंडल के क्लस्टर इंचार्ज बनाए गए प्रदेश सरकार के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने रविवार को लोकसभा क्षेत्र गोंडा के भारतीय जनता पार्टी की चुनाव संचालन समिति की बैठक की। बैठक में मंत्री ने संगठन के पदाधिकारी के साथ चुनाव की तैयारी पर मंथन किया और उन्हें एकजुट रहने का संकल्प दिलाया। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी को कर्मयोगी तो मुख्यमंत्री को जन्मयोगी बताकर उनकी तारीफ की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यह राजनीति का स्वर्णिम युग है जिसमें न्याय, समरसता तथा गरीब को रोटी कपड़ा और मकान मिले इसके लिए पीेएम मोदी सदैव प्रयासरत हैं। केंद्रीय लोकसभा चुनाव कार्यालय पर आयोजित चुनाव संचालन समिति की बैठक के मुख्य अतिथि धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदान होने तक हमारी दृष्टि केवल अपने बूथ पर ही होनी चाहिए। लोकसभा चुनाव हमें संकल्पित होकर लड़ना होगा। संकल्प के बिना कोई काम नहीं होता है और संकल्प का कोई विकल्प भी नहीं होता है। उन्होने कहा कि हमें सर्वाग्रही सर्वस्पर्शी के भाव से काम करना है।
"बूथ जीता तो चुनाव जीता" का दिया मंत्र
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि "बूथ जीता तो चुनाव जीता" के ध्येय वाक्य पर सजग रहकर कार्य करना है और व्यवस्था एवं प्रबंधन के सारे दायित्व बेहतर ढंग से निर्वहन करने हैं। जब तक चुनाव नहीं हो जाता हमारे लिए रामायण और गीता हमारे बूथ की मतदाता सूची ही है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का यह निर्णय है कि चाहे जितना भी बड़ा नेता हो अपने बूथ पर उसे पन्ना प्रमुख बनना ही है। उन्होने पार्टी कोर कमेटी, लोकसभा प्रभारी व संयोजक, विधानसभा प्रभारी व संयोजक के साथ अलग-अलग बैठक भी की।
पार्टी प्रत्याशी राजा भैया ने भी पदाधिकारियों से किया संवाद
चुनाव संचालन समिति की बैठक में पार्टी के प्रत्याशी व सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने भी पदाधिकारी से संवाद किया और चुनाव के रणनीति पर मंत्रणा की। बैठक को लोकसभा प्रभारी शरद अवस्थी, लोकसभा संयोजक डॉक्टर रंजन शर्मा,पूर्व मंत्री एवं विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक गौरा प्रभात कुमार वर्मा, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह मंजू सिंह एवं जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने संबोधित किया।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अमरकिशोर कश्यप ने की। बैठक में ब्लॉक प्रमुख मनकापुर जगदेव चौधरी, अध्यक्ष मनकापुर दुर्गेश सोनी, मुजेहना ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषराम बारी, पंड़री कृपाल ब्लॉक प्रमुख राजीव सिंह बिट्टू, खरगूपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि राजीव रस्तोगी, उतरौला अध्यक्ष अनूप चंद्र गुप्ता, धानेपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि भारत भूषण वर्मा सहित लोकसभा संचालन समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढे़ं: Sant Kabir Nagar Breaking: सुभासपा प्रदेश सचिव नंदिनी राजभर की धारदार हथियार से दिनदहाड़े हत्या, मचा हड़कंप
