हल्द्वानी: महिला की जहर से मौत, पति पर हत्या का आरोप
हल्द्वानी, अमृत विचार। जहर की वजह से एक महिला की मौत हो गई। खबर मायके वालों को लगी तो उन्होंने ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। जिसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम हुआ।
नायब तहसीलदार युगल किशोर ने बताया कि चौधरी कॉलोनी वार्ड 59 बनभूलपुरा निवासी अनुज गुप्ता की पांच साल पहले हेमा गुप्ता से शादी हुई थी। बीती सात मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में जहर की वजह से हेमा की हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में ससुराली उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर पर मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस में उन्होंने पति व ससुरालियों पर बेटी को जहर देकर मारने का आरोप लगाया। साथ ही बनभूलपुरा पुलिस से मौखिक शिकायत भी की। एसओ बनभूलपुरा ने बताया कि मायके वालों ने मौखिक शिकायत की है। लिखित शिकायत मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
