अल्मोड़ा: भनोली के पास आल्टो दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अल्मोड़ा, अमृत विचार। रविवार की देर रात धौलादेवी विकास खंड के भनोली से पालड़ीगूंठ को जा रही एक ऑल्टो कार भनोली पशु चिकित्सा केंद्र के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक कार सवार की मौत हो गई। जबकि कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

रविवार की देर रात भनोली से पालड़ीगूंठ को जा रही आॅल्टो कार संख्या डीएल-9सीजी-4580 पशु चिकित्सा केंद्र भनोली के पास अचानक अनियंत्रित होकर करीब पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरी। स्थानीय लोगों को हादसे का पता चला तो उन्होंने भनोली कस्बे के लोगों, राजस्व विभाग और इमरजेंसी सेवा 108 को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राजस्व निरीक्षक दीपक वर्मा भी सूचना मिलने के बाद अपनी टीम के साथ दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया। हादसे में कार सवार जगदीश राम (62) पुत्र अनी राम निवासी चमतोला, पपोली की मौके पर ही मौत हो गई थी।

जबकि कार चालक हरीश सिंह नैलवाल (42) पुत्र बची सिंह और बची सिंह (46) पुत्र जमन सिंह दोनों निवासी ग्राम पालड़ीगूंठ, धौलादेवी गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इमरजेंसी सेवा 108 के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। मृतक के शव को सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि कार चालक हरीश सिंह मृतक को उसके घर छोड़ने जा रहा था। अकेला होने के कारण उसने बची सिंह को भी अपने साथ ले लिया। लेकिन थोड़ी दूर जाकर ही यह हादसा हो गया। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजनों में शोक व्याप्त है।

संबंधित समाचार