गोंडा में दर्दनाक हादसा: वाहन की ठोकर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत, एक घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा उतरौला मार्ग पर धानेपुर थाना क्षेत्र के गुमड़ी घाट के समीप हुआ हादसा, बलरामपुर जिले के विसेनपुरवा गांव के रहने वाले थे तीनों मृतक

गोंडा, अमृत विचार। गोंडा उतरौला मार्ग पर धानेपुर थाना क्षेत्र के गुमड़ी घाट के समीप सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक एक ही बाइक पर सवार थे। गुमड़ी घाट के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी और फरार हो गया। 

पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। एक घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घटना की छानबीन में जुटी है। 

बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गुमडी के मजरा विशेनपुरवा के रहने वाले मनोज वर्मा(22), राजकुमार यादव(22) ,अमित यादव (12) व ढकहीजोत के रहने वाले सुरजीत यादव (13) एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव से बाबागंज की तरफ जा रहे थे।

गोंडा उतरौला मुख्य मार्ग पर गुमड़ी घाट पुल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। इस हादसे में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए‌। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने मनोज, राजकुमार व अमित को मृत घोषित कर दिया जबकि सुरजीत को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

बलरामपुर जिले के श्रीदत्तगंज थानाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि धानेपुर थाना क्षेत्र के गुमड़ी घाट जंगल में हादसा हुआ है जिसमें बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत गुमडी के मजरा विशेनपुरवा के मनोज वर्मा,अमित यादव व राजकुमार यादव की मौत हो गई है जबकि धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत रेतवागाड़ा के मजरा ढकहीजोत के सुरजीत यादव गंभीर रूप से घायल हुआ है। धानेपुर थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि धानेपुर इलाके में सड़क दुर्घटना हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।

यह भी पढ़ें:-अंधविश्वास हुआ हावी! गहना और स्कूटी समेत लाखों का सामान लेकर गंगा में विसर्जित करने पहुंची युवती, जानें पूरा मामला

 

संबंधित समाचार