बरेली: अब परिषदीय स्कूलों में टाइमटेबल से होगी ऑनलाइन पढ़ाई
बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में स्कूलों में शिक्षण कार्य भले ही न हो रहा हो मगर शिक्षकों का स्कूल आना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में शिक्षक यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें स्कूल में क्या करना चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए एसआरजी डॉ. अनिल चौबे ने एक कार्यप्रणाली तैयार …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना काल में स्कूलों में शिक्षण कार्य भले ही न हो रहा हो मगर शिक्षकों का स्कूल आना अनिवार्य कर दिया गया है। ऐसे में शिक्षक यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि उन्हें स्कूल में क्या करना चाहिए। इसे ध्यान में रखते हुए एसआरजी डॉ. अनिल चौबे ने एक कार्यप्रणाली तैयार की है जिसमें स्कूल खुलने के समय से लेकर छुट्टी तक कब क्या करना है, सब कुछ बताया गया है। शिक्षकों को हर दिन की रिपोर्ट अपने संकुल प्रभारी को भी सौंपनी है।
एसआरजी डॉ. अनिल चौबे बताते हैं कि ई-पाठशाला के फेस-2 में पढ़ाई और स्मार्ट तरीके से कराने के लिए शिक्षकों को बच्चों को ऑनलाइन विषयवार वर्कशीट देना, उन्हें जांचना आदि पर ज्यादा ध्यान दिया गया है। जब कई शिक्षकों की शिकायतें पहुंचीं तो उन्होंने दैनिक कार्य प्रणाली बनाने का फैसला लिया। वह बताते हैं कि शिक्षक दिनभर में जो भी कार्य करेंगे उसकी रिपोर्ट विद्यालय बंद हो से आधा घंटा पहले अपने संकुल प्रभारी को सौंपनी होगी।
कुछ इस तरह से होगा एक दिन में कार्य
समय कार्य
9:00 से 9:30 बजे स्कूल आना, स्टाफ से मिलना होगा।
9:30 से 11:00 बजे ई-पाठशाला के अनुसार बच्चों को कंटेंट उपलब्ध कराना, जवाब मांगना होगा।
11:00 से 12:00 बजे बच्चों से व्हाट्सएप के माध्यम से जवाब लेना, ग्रुप पर पोस्ट डालना, वर्कशीट आदि पर कार्य देना होगा। 12:00 से 12:30 बजे मध्याह्न अवकाश रहेगा
12:30 से 01:30 बजे ई-पाठशाला के फेज-2 के तहत ई-लर्निंग के लिए अभिभावकों को जोड़ना एवं रीड एलांग एप पर गृहकार्य देना होगा।
01:30 से 02:30 बजे अध्यापकों को स्वाध्याय करना होगा, अपने विषयों की पुस्तकें पढ़नी होगा।
02:30 से 03:00 बजे इस समय में शिक्षक अपने जाने की तैयारी करेंगे, व्यक्तिगत व्हाट्सएप देख और बातें कर सकते है।
शिक्षक बनाएंगे डायरी, शासन से आदेश जारी
प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रयोग के लिए एक शिक्षक डायरी विकसित की गई है। शिक्षक इस डायरी का प्रयोग शिक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए करेंगे, साथ ही इस डायरी में अकादमिक रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) के सदस्यों द्वारा विभिन्न मुख्य मानकों के आधार पर विद्यालय का प्रदर्शन एवं शिक्षण योजना की प्रगति के सापेक्ष वास्तविक स्थिति के संबंध में टिप्पणी भी अंकित की जाएगी। अध्यापकों को इस डायरी में अपना संक्षिप्त परिचय लिखना होगा। शिक्षण योजना बनानी होगी। योजना के आधार पर ही डायरी में मुख्य बिंदुओं को लिखा जाएगा।
