हरदोई: मातम में बदली शादी की खुशी, बारात से लौट रहे दूल्हे के भाई की हादसे में मौत
हरदोई। भाई की बारात से बाइक पर सवार हो कर वापस घर लौट रहे दूल्हे के भाई को तेज़ रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी,जिससे उसकी वहीं पर मौत हो गई। पीछे से लौट बाराती ने उसका शव सड़क पर पड़ा देखा, जिससे दूल्हे के घर वालों को हादसे का पता चला। पुलिस ने शव कब्ज़े में लेते हुए हादसे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
बताया गया है कि सोमवार को माधौगंज थाने के पपटापुर मजरा सिराईचमऊ निवासी रामबहादुर के पुत्र विनोद कुमार की बारात मल्लावां कोतवाली के गौसापुर निवासी रामकुमार के घर गई हुई थी। शादी की रस्में होने के बाद दूल्हे का 35 वर्षीय बड़ा भाई अवधेश बाइक से घर लौट रहा था।
बताते है कि उसी बीच माधौगंज थाने के सेलापुर रेलवे क्रासिंग के पास एक तेज़ रफ्तार गाड़ी ने उसकी बाइक में ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे अवधेश की वहीं पर मौत हो गई। उधर बारात में शामिल गांव निवासी प्रदीप भी पीछे से लौट रहा था, उसने सड़क किनारे प्रदीप का शव पड़ा देखा। उसने हादसे के बारे में बताया। इसका पता चलते ही वहां कोहराम मच गया।
शादी की सारी खुशियां मातम में बदल गई। उसके रोते-बिलखते घर वाले पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया। अवधेश अपनें पांच भाइयों मे बड़ा था और राज गिरी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी छोटी बिटिया के अलावा बेटे अवनीश व आरुष और एक बेटी सिया देवी है। घटना को लेकर परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है। पुलिस जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद स्कूटी सवार को रौंदा, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
