अंबेडकरनगर: 14 मार्च को मुख्यमंत्री योगी आएंगे अंबेडकरनगर, तैयारियां तेज
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को जनपद दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री 14 मार्च को सीडीओ आवास के सामने जनसभा को भी संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री का दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिसको लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मंडलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महा निरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह और एसपी डॉ. कौस्तुभ के साथ तैयारियों का जायजा लिया। मंडलायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। माना जा रहा है कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए मुख्यमंत्री जनपद के लिए कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकते हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से दिन भर वरिष्ठ अधिकारियों के पास फोन घनघनाते रहे। लोकसभा चुनाव में जनपद की एकमात्र सीट पर इस बार जीत की कोशिश में जुटी भाजपा मुख्यमंत्री के दौरे में कई बड़े चेहरों को पार्टी मे शामिल कराने की तैयारी में है।
अंबेडकरनगर से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए रितेश पांडे ने भी विगत दिनों मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जनपद में आने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंडलायुक्त और आईजी के साथ नगर स्थित सीडीओ आवास के सामने खाली पड़े मैदान में आयोजित होनी वाली जनसभा की तैयारियों का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था को लेकर निर्देशित किया।
उच्चाधिकारियों ने मतगणना स्थल का किया निरीक्षण : आगामी लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए मंगलवार को आयुक्त अयोध्या मंडल गौरव दयाल, पुलिस महा निरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र प्रवीण कुमार ने जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, अपर जिलाधिकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी की उपस्थिति में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर में चुनाव के उपरांत ईवीएम सहित अन्य सामग्रियों को जमा करने और स्ट्रांग रूम सहित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।
व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के दिए निर्देश
आयुक्त ने उपस्थित उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर जिलाधिकारी, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, उप जिलाधिकारी सदर, सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यहां की सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त कर लिया जाए।
जिससे लोकसभा चुनाव को सकुशल, निष्पक्ष संपन्न कराया जाए साथ ही साथ निर्वाचन के दौरान लगे हुए कर्मचारियों की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए। जिससे कर्मचारी पूरे मनोयोग से दिए हुए दायित्व का निर्वहन करें। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह, जिला सूचना अधिकारी और संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: 1792 परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षा 16 मार्च से, तैयारी शुरू
