सुलतानपुर: थाना ट्रांसफर पर भड़के वकील, कामकाज ठप-जानिए क्या है पूरा मामला 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। थाना कादीपुर एवं अखंडनगर से जुड़े मामलों की सुनवाई का क्षेत्राधिकार कादीपुर में ट्रांसफर किए जाने के विरोध में मंगलवार को हड़ताल के कारण न्यायिक कामकाज ठप रहा। बार एसोसिएशन सुलतानपुर अध्यक्ष अरविंद पांडेय व महासचिव आर्तमणि मिश्र ने थानों के स्थानांतरित होने की सूचना पर  साधारण सभा की बैठक बुलाई।  

हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में जिला जज जयप्रकाश पांडेय से विचार-विमर्श का हवाला देते हुए सीजेएम बटेश्वर कुमार ने कादीपुर व अखंडनगर से जुड़े आपराधिक वादों की सुनवाई के लिए कादीपुर ट्रांसफर का आदेश दिया है। जबकि गंभीर व विशेष अधिनियम व क्षेत्राधिकार के मामलों से जुड़े वादों की सुनवाई सुलतानपुर के न्यायालय परिसर में ही सुनवाई होगी। स्थानांतरित थानों के बारे में जानकारी पाते ही अधिवक्ता आक्रोशित हो गये तथा स्थानांतरण के विरोध में न्यायिक कामकाज ठप कर साधारण सभा की बैठक की। बैठक में अधिवक्ताओं ने ज्यूडशरी के ट्रांसफर पर घोर विरोध दर्ज कराते हुए बिना पीठ की मंशा जाने अदालत ट्रांसफर करने पर विरोध दर्ज कराया। बार अध्यक्ष ने सभा के बाद जिला जज से मुलाकात कर हो रही समस्या से अवगत कराया। बार अध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया जिला जज ने प्रशासनिक जज से समस्या को अवगत कराने की बात कही है। उन्होंने कहा यदि प्रशासनिक जज से मुलाकात का समय मिला तो बुधवार को प्रशासनिक जज से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया जायेगा। बैठक में पूर्व अध्यक्ष रायसाहब सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह, रामविशाल तिवारी, विश्वभर नाथ शुक्ल, आनंद पांडेय, बैतुल्लाह खान, सूर्यनाथ यादव, विद्या भूषण पांडेय, राघवेंद्र सिंह, दिनेश दुबे, वीरेंद्र सिंह, राम अवतार यादव, मीडिया प्रभारी अशोक शुक्ल समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे ।


कादीपुर के अधिवक्ताओं में खुशी, बैठक कर की चर्चा 
सिविल जज सीनियर डिवीजन कोर्ट कादीपुर को थाना कादीपुर और अखंड नगर क्षेत्र के फौजदारी मामलों की सुनवाई का अधिकार मिलने पर अधिवक्ताओ में खुशी की लहर दौड़ गई। बार एसोसिएशन ने एक कार्यक्रम आयोजित करके अपने उपलब्धि पर चर्चा की।

मंगलवार को अधिवक्ता सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए  सिविल जज सीनियर डिवीजन क्षितिज पांडे ने  कहा कि काम करने से ही अनुभव होता है । जिस प्रकार से 2001 में दीवानी न्यायालय की स्थापना होने पर कादीपुर के लोग अच्छे तरीके से सिविल के कार्यों के जानकार हो गए।  उसी प्रकार से यहां फौजदारी मामलों की पैरवी भी अच्छे प्रकार से होगी। कादीपुर में एक अच्छा बार है उसके अनुरूप आगे भी सब कुछ ठीक होगा। एसडीएम शिव प्रसाद , तहसीलदार मयंक मिश्र और क्षेत्राधिकारी विनय गौतम ने भी कादीपुर में बौद्धिक क्षमता की तारीफ की। पूर्व अध्यक्ष जयशंकर तिवारी, दयाराम पांडेय, विजय शंकर पांडेय, विनोद श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त किया। अध्यक्ष रणजीत सिंह और सचिन लालचंद शुक्ला ने आगे भी सतत प्रयास करने में सदस्यों के सहयोग की अपेक्षा करते हुए सबके प्रति आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें -पोषण पखवारा रैली: जन प्रतिनिधियों ने दिखाई झंडी, अन्नप्राशन के साथ हुआ गोदभराई कार्यक्रम

संबंधित समाचार