लखीमपुर खीरी: एक युवती और दो किशोरियों को भगा ले गए दो युवक, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मितौली, अमृत विचार: घर से स्कूटी से सवार होकर मितौली के लिए निकली थाना मैगलगंज की एक युवती और दो किशोरियां दो युवकों के साथ फरार हो गईं। युवती और एक युवक की स्कूटी मितौली बाजार में एक मंदिर वाली गली में बरामद हुई है। पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में तीनों लड़कियों और दो युवकों की आपस में बातचीत करते फुटेज मिली है। इसके बाद युवती के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर बरामदगी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। 

थाना मैगलगंज क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री गांव की ही 12 साल और 16 साल की सहेली के साथ सोमवार को स्कूटी से मितौली काम से आईं थीं, लेकिन वह घर वापस नहीं पहुंची। इस पर परिवार वालों ने तीनों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला तो उन्होंने मितौली पुलिस को सूचना दी। 

एक साथ तीन लड़कियों के गायब होने की सूचना से पुलिस के भी हाथपांव फूल गए। पुलिस ने जब तलाश शुरू की तो कसबे की बाजार से मंदिर जाने वाली गली में युवती की स्कूटी खड़ी बरामद हुई। पुलिस ने जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण फुटेज लगे। पुलिस के मुताबिक फुटेज में युवती मितौली निवासी अनिकेत से बातचीत करते हुई दिख रही है। तभी पीछे से दोनों किशोरियां एक युवक के साथ आती हैं, फिर वह सब स्कूटी खड़ी कर गायब हो जाते हैं। 

पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर मैगलगंज के गांव ककरहिया निवासी अमित कुमार और मितौली निवासी अनिकेत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक राजू राव ने बताया कि लड़कियों को बरामद करने के लिए टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लड़कियों को बरामद कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बिजली की स्पार्किंग से महादेव टांडा में लगी आग, 60 घर स्वाहा...ग्रामीणों में मची चीख पुकार

संबंधित समाचार