Kanpur News: पैचवर्क उखड़ने पर ठेकेदार पर लगा जुर्माना; नगर आयुक्त ने लापरवाही पर अवर अभियंता से मांगा जवाब
कानपुर, अमृत विचार। वार्ड 77 कर्रही में घटिया सड़क पैचवर्क पर नगर आयुक्त ने ठेकेदार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुये दोबारा कार्य कराया। इसके साथ ही अवर अभियंता से लापरवाही पर स्पष्टीकरण मांगा।
नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन एवं मुख्य अभियन्ता ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण किया। अभियन्ता ने बताया कि जोन-03 वार्ड 77 के अन्तर्गत बर्रा-2 सब्जी मंडी रोड व कर्रही मुख्य मार्ग से पार्षद निवास तक सड़क पैच का सुधार कार्य हेतु मेसर्स पारस नाथ बिल्डर्स को 02.11.2023 को आवंटित किया था। यह कार्य 3,89,371 में होना था।
ठेकेदार ने 07.03.2024 को पैच मरम्मत का कार्य कराया। जिसमें सड़क उखड़ने की शिकायत विभिन्न समाचार पत्रों मे प्रकाशित हुयी थी। जिसके चलते अधिशाषी अभियन्ता जोन-3 द्वारा 11.03.2024 को ठेकेदार मेसर्स पारस नाथ बिल्डर्स को नोटिस जारी करते हुये स्थल पर पायी गयी कमियो को ठीक कराने को कहा गया।
इस पर ठेकेदार पर 10 हजार का अर्थदंड लगाया। इसके साथ ही अवर अभियन्ता से स्पष्टीकरण भी मांगा गया। नगर आयुक्त ने कहा कि इस कार्य में अभी कोई भुगतान नहीं हुआ है।
