Kanpur: सेंट्रल स्टेशन के विश्राम गृह में टीटीई का शव मिलने से फैली सनसनी; साथियों ने बताया...इस वजह से थे परेशान...
कानपुर, अमृत विचार। मंगलवार सुबह सेंट्रल स्टेशन के विश्राम गृह में ट्रेन टिकट निरीक्षक (टीटीई) मृत अवस्था में पड़े मिले। जिससे हड़कंप मच गया। रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लक्ष्य को लेकर टिकट जांच बढ़ाने व राजस्व वसूली को लेकर रेलवे अधिकारियों के दबाव बनाने से वह तनाव में थे। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जीआरपी ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि फिरोजाबाद के टूंडला नगर पालिका दुर्गा कॉलोनी के रहने वाले 56 वर्षीय चंद्र प्रकाश सिंह का एक माह पहले कानपुर में ट्रांसफर हुआ था। वह सचल दल इकाई में काम कर रहे थे। एक साथी कर्मचारी ने जीआरपी को बताया कि दो दिन पहले ही एक अधिकारी ने उन्हें लक्ष्य पाने के लिए फटकार लगाई थी।
जिसके बाद मंगलवार सुबह वह प्लेटफार्म संख्या छह स्थित विश्राम गृह में मृत मिले। उनके परिवार में पत्नी ब्रजलता बेटा वरुण और चार बेटियां प्रतिभा, प्रियंका, शिवानी व सबसे छोटी बेटी यंशिका है। परिजनों के अनुसार तीन बेटियों की शादी हो गई है और छोटी बेटी अभी पढ़ाई कर रही है।
इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया प्रथमष्टया हृदयगति रुकने से मृत्यु की बात सामने आई है। पता चला है कि वह डायबिटीज व हार्ट के मरीज भी थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मृत्यु का कारण स्पष्ट होने व परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सेंट्रल स्टेशन के निदेशक आशुतोष सिंह ने बताया कि राजस्व वसूली का लक्ष्य पाने के लिए किसी भी कर्मचारी पर दबाव बनाने का मामला संज्ञान में नहीं है। अगर प्रताड़ना की कोई बात आती है, तो जांच करा कार्रवाई की जाएगी।
