लखीमपुर खीरी: आरोप लगाने के दूसरे दिन निधि शुक्ला ने शुरू किया धरना, बोलीं- अमनमणि को कांग्रेस से निकालो या मुझे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: कवियत्री मधुमिता शुक्ला की बहन निधि शुक्ला ने अपने घर पर कांग्रेस विरोधी बैनर लगाकर धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने मंगलवार को अमरमणि के बेटे अमनमणि को दो दिन पहले कांग्रेस में शामिल कराए जाने के विरोध में धरना शुरू कर दिया है। उनका कहना है कि वह नौ साल से कांग्रेस में हैं। अब उनके बहन के हत्यारे के बेटे अमनमणि को कांग्रेस में ज्वाइन करा दिया गया है। निधि ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से अमनमणि को बाहर निकाल दिया जाए या फिर उनको निकाल दिया जाए।

शहर के मोहल्ला मिश्राना निवासी कवियत्री मधुमिता की बहन निधि शुक्ला प्रदेश कांग्रेस में पीसीसी सदस्य हैं। वह मंगलवार को सुरक्षा गार्डों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और धरने पर बैठने की कोशिश की। इसी बीच स्थानीय अभिसूचना ईकाई (एलआईयू) को इसकी जानकारी हुई। इस पर एलआईयू के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। 

उन्होंने उन्हें सुरक्षा का हवाला देते हुए कांग्रेस कार्यालय पर धरना देने से मना किया। इस पर वह मान गईं और दोपहर बाद अपने घर पहुंची और धरने पर बैठ गईं। निधि शुक्ला के धरने पर बैठने की जानकारी मिलते ही प्रशासन में भी हलचल मच गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन का कोई अफसर अभी तक उनके पास नहीं पहुंचा है, लेकिन प्रशासनिक अफसर निगरानी बनाए हुए हैं। 

निधि ने बैनर में लिखा कांग्रेस का हाथ हत्यारों के साथ 
कांग्रेस की पीसीसी सदस्य निधि शुक्ला ने धरना स्थल पर जो बैनर लगाया है। उसमें साफ शब्दों में लिखा है कि कांग्रेस का हाथ, हत्यारों के साथ। न्याय के लिए निधि का अनशन। बैनर पर लिखी इन बातों की चर्चा पूरे दिन होती रही।       

सोमवार को घर बाहर धमाका होने का लगाया था आरोप 
कवियत्री मधुमिता की बहन निधि शुक्ला ने सोमवार की तड़के घर पर तेज धमाका होने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि धमाका उनकी बहन के कातिल पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी ने कराया है। मौके पर पहुंची पुलिस को एक जीवित कारतूस मिला था। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। वह इस पर कुछ कहने से अभी बच रही है। 

पार्टी से कोई लेना-देना नहीं निधि का निजी मसला 
निधि शुक्ला मनोनीत पीसीसी सदस्य हैं। उनका यह निजी मसला है। पार्टी का इससे दूर-दूर तक कोई लेना देना नहीं है। हमारी पार्टी में जो आएगा। उसका स्वागत है। निधि ने जो बैनर लगाया है। उसे पूरे घटना क्रम के साथ मैने संगठन मंत्री अनिल यादव को भेज दिया है---प्रहलाद पटेल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस।

निधि शुक्ला अपने घर पर धरने पर बैठी हैं। पहले से ही सुरक्षा गारद उनके पास है, इसलिए वहां अलग से पुलिस के जाने का कोई औचित्य नहीं है। हालांकि सुरक्षा कारणों से उनके धरने पर पुलिस नजर रख रही है---रमेश कुमार तिवारी, सीओ सिटी।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: एक युवती और दो किशोरियों को भगा ले गए दो युवक, रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार