Farrukhabad: रमजान के महीने में पहले जुमे की नमाज, अलर्ट रहा पुलिस-प्रशासन, डीएम- एसपी ने की पैदल गश्त
फर्रुखाबाद में जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। रमजान के महीने में पहले जुमे की नमाज को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। डीएम डॉ.वीके सिंह और पुलिस कप्तान विकास कुमार ने पैदल गश्त करके लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा की दृष्टि से मस्जिदों के आसपास पुलिस तैनात रही। वहीं, पूरे जिले में अलर्ट जारी रहा।
नगर क्षेत्र में लालगेट तिराहा से डीएम डॉ. वीके सिंह व एसपी विकास कुमार ने भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से मऊदरवाजा तक पैदल गश्त की। एसपी ने सभी से अपील करते हुए कहा कोई भी व्यक्ति अराजकता फैलाने की कोशिश न करें।
अगर किसी ने भी अराजकता फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। वहीं उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति अगर किसी को परेशान करता है तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। पुलिस हर सम्भव उसकी मदद करेगी।
उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। असमाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर छोड़ा नहीं जाएगा। चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। चाहे वह किसी भी धर्म या मजहब के हो। इसमें कोई पक्षपात नहीं किया जाएगा।
क़ायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार कस्बा में कानून, शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, जुमे की नमाज़ के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी सतेंद्र सिंह के निर्देशन में कायमगंज कोतवाली इंचार्ज राम अवतार ने क्षेत्र में पुलिस बल के साथ भ्रमण कर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
इसके साथ संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये। इस मौके पर जहानगंज नवाबगंज,शमसाबाद पुलिस भी चौकन्नी रही। जहानगंज पुलिस ने जरारी, भदौसा, अजिजलपुर, जहांगीरपुर, बन्थल शाहपुर, पटोजा में गश्त किया।
