मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए एक्टिव हुआ लखनऊ जिला प्रशासन, कॉलेजों में हुईं एक्टिविटीज
लखनऊ। आगामी लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 के दौरान मतदान प्रतिशत को बढ़ाया जा सके इसके लिए लखनऊ जिला प्रशासन अभी से सक्रिय हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार के आदेश पर मतदाता जागरूक अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत जिले के अनेक स्कूल व कॉलेजों में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप कार्यक्रम) चलाया गया। अभियान के तहत अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
राजधानी लखनऊ में चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए हर बार प्रयास होते है। चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन कई तरह की गतिविधियां करता है। लोकसभा चुनाव को लेकर जल्द आचार सहिंता लागू हो सकती है ऐसे में अभी से लखनऊ जिला प्रशासन एक्टिव हो गया है।
जानें कहां क्या हुआ
अभियान के तहत लखनऊ क्रिश्चियन डिग्री कालेज गोलागंज में मतदाता जागरूकता के लिए वर्कशॉप का आयोजन किया गया, कालीचरण पीजी0 कालेज हरदोई रोड़ चौक रोड़ लखनऊ में वेबिनार का आयोजन किया गया साथ ही मतदाता जागरूकता रैली एवं वर्कशॉप का आयोजन भी किया गया। महिला विद्यालय डिग्री कालेज गंगाप्रसाद रोड़ अमीनाबाद लखनऊ में मतदाता शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आय़ोजन किया गया, ईवीएम मशीन व अन्य मतदान सम्बन्धी महत्वपूर्ण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, मतदाता जागरूकता सेमीनार, स्लोगन, भाषण प्रतियोगिता एवं मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन भी किया गया, करामत हुसैन मुस्लिम गर्ल्स पीजी कॉलेज लखनऊ में मतदाता जागरूकता अभियान के अर्न्तगत भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। डीएवी डिग्री कॉलेज लखनऊ में मतदाता जागरूकता अभियान पर वर्कशाप व शपथ अभियान एवं हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय अलीगंज लखनऊ में मतदाता जागरूकता से सम्बन्धित वेबिनार एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
