बदायूं: मुकदमा की पैरवी करने जा रहे वृद्ध से मारपीट कर लूटा, 5 लोगों पर FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

DEMO IMAGE

बदायूं, अमृत विचार: मुकदमा में पैरवी करने जा रहे एक वृद्ध को दूसरे पक्ष के पांच लोगों ने घेरा और हमला किया। अधिवक्ता को देने जा रहे 1100 रुपये लूट लिए। शिकायत करने पर पुलिस ने उन्हें भगा दिया। रिपोर्ट दर्ज करके उन्हें और उनके बेटे को जेल भेजने की धमकी दी। पीड़ित कोर्ट की शरण में गया। कोर्ट के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।

बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर मई निवासी नत्थू लाल पुत्र श्याम लाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह वृद्ध, कमजोर और सांस के रोगी हैं। उनके सौतेले हिस्ट्रीशीटर भाई हरपाल, मुन्नालाल उन्हें मारने की फिराक में लगे रहते हैं। उनके और सौतेले भाइयों के बीच डकैती कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। 16 जनवरी 2024 को नत्थू लाल मुकदमा में पैरवी करने के लिए बदायूं के लिए घर से निकले थे। 

सुबह 9 बजे गांव बसई मार्ग पर हरपाल, मुन्नालाल, भगवान सिंह उर्फ नन्हें पुत्र हरपाल, सुमित व देवेंद्र उर्फ पोटा पुत्र मुन्नालाल ने उन्हें जमीन पर गिराकर हमला कर दिया। आरोप है कि उनकी जेब में रखे 1100 रुपये लूट लिए। आसपास से गुजर रहे लोगों ने उन्हें पिटता देखा तो लगा कि वह लोग नत्थू लाल को मार देंगे तो वह पुलिस-पुलिस शोर मचाने लगे। हमलावर आइंदा जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। 

उनकी सूचना पर परिजन और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई। शिकायत करने के बाद भी बिसौली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की। उनके बेटे के मोबाइल से तहरीर का फोटो भी डिलीट करा दिया। पुलिसकर्मी ने कहा कि बाइक से गिर गया और झूठी तहरीर लेकर आ गया। 

उन्हें और उनके बेटे को जेल भेजने की धमकी दी। नत्थू लाल को आशंका है कि वह लोग उनके परिवार में किसी की भी हत्या कर सकते हैं। उनकी पुलिस से अच्छी पैठ है। कोर्ट के आदेश पर आरोपी हरपाल, मुन्नालाल, भगवान सिंह उर्फ नन्हें, सुमित, देवेंद्र उर्फ पोटा के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकाने, लूट, उत्तेजनापूर्वक हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: लोकसभा चुनाव से पहले गुंडा एक्ट के दो आरोपियों पर कार्रवाई, 6 महीने के लिए जिला बदर

संबंधित समाचार