हरदोई: वरीक्षा के बाद युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
हरदोई। युवक की शादी तय हुई और वरीक्षा भी हो चुका था, लेकिन उसने जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वैसे तो उसके घर वाले कुछ भी नहीं बोल रहें है, लेकिन कहा जा रहा है कि मर्ज़ी के बगैर शादी तय हुई थी, उसी के चलते उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस सारे मामले की जांच कर रही है।
बताया गया है कि कोतवाली देहात के जनकपुर मजरा नीर निवासी 26 वर्षीय वीरेश यादव पुत्र शिशुपाल खेती-किसानी करता था। उसकी शादी तय थी और वरीक्षा भी हो चुकी थी। शनिवार को अचानक उसकी तबियत बिगड़ गई। उसका भाई अरविंद उसे ले कर मेडिकल कालेज पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचते ही वीरेश की मौत हो गई।
डाक्टरों का कहना है कि जहर खाने से युवक की हालत बिगड़ी और उसी से उसकी मौत हुई। वीरेश का एक बड़ा और एक उससे छोटा भाई है। कहा जा रहा है कि उसकी मर्ज़ी के बगैर शादी तय की गई थी, जबकि वह कहीं और करना चाहता था, उसी के चलते उसने ऐसा कदम उठाया, हालांकि उसके घर वाले कुछ भी नहीं बोल रहें है। पुलिस का कहना है कि सारे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बहराइच: पिकअप में लाद ले गए बकरे और बकरियां, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
