बहराइच में प्राइवेट बस परिचालक को दौड़ाकर पीटा, किया पथराव-नकदी छीनने का आरोप
बहराइच, अमृत विचार। जिले के नानपारा नवाबगंज रोड के भारी डगरा गांव के पास रविवार शाम प्राइवेट बस को कुछ लोगों ने रोका। कंडक्टर को खीच कर धुनाई करने लगे। कंडक्टर ने जान बचाकर भागने की कोशिश की तो उसे दौड़ा दौड़ा कर पीटा। हाथ में पकड़ी यात्रियों से वसूली गई लगभग दो हजार नगदी हमलावरों ने छीन ली। ड्राइवर के दरवाजे पर पथराव से शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस वारदात से बस में सवार यात्रियों में दहशत से अफरा-तफरी फैल गई। हमलावरों के फरार होने पर बस गंतव्य को रवाना हुई। इस मामले में थाने मे पीड़ित कंडक्टर ने तहरीर दी है।
नवाबगंज थाने के कस्बा निवासी इमरान पुत्र शहजाद नानपारा से नवाबगंज रूट पर चलने वाली प्राईवेट बस पर कंडक्टर है। वह नानपारा से शनिवार शाम लगभग 4:15 बजे नवाबगंज को रवाना हुए। नवाबगंज थाने के भारी डगरा के पास जैसे ही बस पहुंची। सड़क किनारे खड़े 6 - 7 युवको ने बस रूकने का संकेत किया। तो चालक रशीद अहमद ने यात्री समझ बस रोकी। इसी दौरान सड़क पर खड़े युवको ने बस के दरवाजे पर खड़े कंडक्टर इमरान को बाहर खींच धुनाई शुरू कर दी। इमरान जान बचाकर बस की ओर भागा तो हमलावरों ने उसे चारों ओर घेर कर दौड़ा दौड़ा कर पीटा। उसके दाहिने हाथ में पकड़ी यात्रियों से वसूली गई लगभग दो हजार की नगदी हमलावरों ने छीन ली। इतना ही नही हमलावरों ने ड्राइवर की खिड़की की ओर पहुंच बाहर से पथराव कर दिया। जिसके चलते दरवाजे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक ने नीचे छिपकर जान बचाई। इस हमले व छिनैती की वारदात से यात्रियों में दहशत फैल गई। जिससे अंदर अफरा तफरी मच गई। लगभग पांच मिनट तक हंगामा बरपाने के बाद हमलावर फरार हो गए। पीड़ित कंडक्टर ने इस मामले में थाने मे तहरीर दी है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मेरे पास तहरीर आयेगी, तब मामले में तहकीकात की जायेगी। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी निकाले जाएंगे।
यूनियन ने वारदात पर जताई नाराजगी
प्राइवेट बस आप्रेटर्स संयुक्त यूनियन जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह अज्जू ने शनिवार को नानपारा नवाबगंज रोड पर बस कंडक्टर पर हमले, छिनैती व पथराव पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि पथराव से यात्रियों को चोट पहुंच सकती थी। संयुक्त यूनियन के रियाज अहमद, सिराज अहमद खां, कृष्णानंद उपाध्याय, हलीम अहमद, धीरेंद्र प्रताप सिंह, राम कुमार सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की है।
ये भी पढ़ें -Elvish Yadav: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे गए यूट्यूबर एल्विश यादव, रेव पार्टी से जुड़ा है मामला
