बहराइच: श्रमिकों की मौत पर पुलिस ने कर दिया खेल! लगाई हल्की धारा
नामजद लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे परिवार के लोग
बहराइच, अमृत विचार। कोतवाली देहात के गजपतिपुर गांव में तीन दिन पूर्व छत गिरने से दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। जिसमें पुलिस ने धारा 304ए लगा दिया है। ऐसे में नामजद लोगों की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकती है। ऐसे में पीड़ितों को न्याय मिलने की संभावना नहीं दिख रही है। परिवार के गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
कोतवाली देहात के गजपतिपुर गांव में तीन दिन पूर्व मकान की छत गिर गई थी। जिसके नीचे दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई थी। पुलिस ने रसूखदार रिसॉर्ट के मालिक का मामला ज्यादा तूल न पकड़े, इसके लिए केस दर्ज कर लिया। लेकिन केस में भी खेला हो गया। पुलिस ने धारा 336,337 और धारा 304ए के तहत होटल मालिक डॉक्टर अनिल केडिया, ठेकेदार और आर्किटेक्ट के अलावा चार अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज किया है। पुलिस द्वारा लगाए गए धारा को देख परिजन भी नाराज हो गए। सभी का कहना है कि इस धारा से तुरंत जमानत मिल जायेगी। पुलिस सिर्फ 304 लगाना चाहिए था।
नामजद लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मृतक श्रमिक के परिवार के लोगों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सभी ने नामजद लोगों के गिरफ्तारी की मांग की। रिसिया थाना क्षेत्र के ग्राम सहनवाजपुर निवासी मृतक के परिवार के लोगों का कहना है कि पुलिस जल्द से जल्द नामजद लोगों की गिरफ्तारी करे। इनकी लापरवाही से ही दो श्रमिकों की जान गई है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ: सपा कार्यकर्ता पर दुष्कर्म का आरोप, कैसरबाग पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
