भूपेंद्र सिंह हत्याकांड: मामूली कहासुनी पर दोस्त ने की थी युवक की गला दबाकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शनिवार को गांव के बाहर मिला था मृतक का शव

गोंडा, अमृत विचार। नवाबगंज थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव के रहने वाले भूपेंद्र सिंह की हत्या मामूली कहासुनी के बाद उसके दोस्त ने की थी। पुलिस की पकड़ में आने के बाद आरोपी ने खुद इस वारदात से पर्दा हटाया। आरोपी ने बताया कि पहले उसने मृतक भूपेंद्र सिंह के साथ शराब पी और मछली खाई इसके बाद जब वह उसे घर छोड़ने जा रहा था तो रास्ते में दोनों के बीच कहासुनी हो गई।

गुस्से में आकर उसने बगल के खेत में लगे कंटीले तार की बल्ली से भूपेंद्र पर वार कर दिया। वह चिल्लाया तो गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को लूट की शक्ल देने के लिए वह मृतक की जेब से 82 सौ रूपये व उसकी बाइक लेकर फरार हो गया।सोमवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर इस हत्याकांड का खुलासा किया। 

नवाबगंज थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव का रहने वाला भूपेंद्र सिंह (38) 15 मार्च की शाम को बाइक लेकर अपने दोस्त गोली सिंह के घर जाने के लिये निकला था‌।  खाना खाने के बाद रात करीब 11 बजे वह अपने घर जाने के निकला तो रास्ते में उसे 
गडेरियनपुरवा गोकुला का रहने वाला विपिन सिह उर्फ सूर्य प्रताप सिंह मिल गया।

आरोपी विपिन सिंह के मुताबिक मृतक भूपेंद्र ने उसके साथ बैठकर  मछली खाई और शराब पी‌। इसके बाद विपिन मृतक भूपेंद्र को छेड़ने के लिए उसके घर जा रहा था। रास्ते में उसका भूपेंद्र से विवाद हो गया। इसके बाद विपिन खेत के किनारे लगे ब्लेड के कटिलें तार से बंधी बल्ली को तोड़कर भूपेंद्र को मारने लगा। जब वह जान बचाने के लिए चिल्लाया तो गुस्से में गला दबाकर भूपेंद्र की हत्या कर दी।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी राधेश्याम राय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें लगाई गयी थी। सोमवार को आरोपी विपिन सिंह को ढेमवा घाट से सोहावल जाने वाली सडक पर प्रमोद सिंह के बन्द होटल के सामने से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के पास से मृतक की बाइक व दो हजार रुपये की नकदी समेत हत्या में प्रयुक्त कंटीले तार युक्त बल्ली कपड़े बरामद किए गए हैं।

घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय,उप निरीक्षक अरूण कुमार गौतम, हेड कांस्टेबल विजय सिंह यादव, सुरेन्द्र ओझा,विजय बहादुर यादव, कांस्टेबल देवेन्द्र गुप्ता, शिवांश त्रिपाठी, चांदनी देवी व अर्चना सिंह शामिल रहीं।

ये भी पढ़ें -सुलतानपुर: पूर्व विधायक सफदर रजा के मामले में सुनवाई 21 को

संबंधित समाचार