डीएम ने लिखा-मतदान करे बाराबंकी, जिले में शुरू हुआ मतदाता जागरुकता हस्ताक्षर अभियान
बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक लोगों द्वारा मतदान करने के प्रति जागरुकता लाने के लिए ज़िलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने “स्वीप” कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट परिसर में मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। यह हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर भी किया गया। इस अभियान में बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं।
इस दौरान ज़िलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने ढोल नगाड़े के साथ इस अभियान का शुभारंभ करते हुए सबसे पहले हस्ताक्षर किए और “मतदान करे बाराबंकी” लिखा। उन्होंने इस स्लोगन के साथ आह्वान किया कि सभी लोग अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें। इसके बाद सीडीओ अ. सुदन और अन्य अधिकारियों कर्मचारियों के साथ साथ रंगोली बनाने वाली छात्रा ने भी हस्ताक्षर किया। इसके बाद ज़िलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ भी दिलाई। डीएम ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षिक संस्थानों में भी हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के प्रति जागरूक हो सकें और मतदान के प्रति उनमें उत्साह पैदा हो।
यह कार्यक्रम सभी तहसील मुख्यालयों के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी किया जाएगा और उद्योग इकाई एवं संस्थानों आदि में भी मतदाता जागरूकता अभियान के कार्यक्रमों का आयोजन होगा। ब्लॉक बनी कोडर में बीडीओ डॉ. विनय मिश्रा द्वारा हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई। वहीं सिद्धौर में बीडीओ पूजा सिंह ने भी अभियान की शुरुआत की। वहीं पिछले चुनाव में जिन बूथों पर मतदान प्रतिशत कम रहा था उन बूथों पर मशाल जुलूस के माध्यम से यहां पंजीकृत वोटरों को मतदान करने के प्रति जागरुक किया गया। इसके क्रम में मंगलवार को शहर के भाग संख्या 285, 286, 287, 290, 291 व 288 पायनियर मांटेसरी हाईस्कूल छाया चौराहा से मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई।
ये भी पढ़ें -बिहार में JDU को बड़ा झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी ने दिया इस्तीफा
