बरेली: गोली मारकर की गई थी अफसार की हत्या, मिलीभगत में इंस्पेक्टर निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। किला के कटघर निवासी अफसार की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण नहीं बल्कि गोली लगने से हुई थी। इसका खुलासा अफसार के कंकाल की एक्स-रे रिपोर्ट में हुआ है। हत्यारोपियों को जैसे ही इसकी भनक लगी तो वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। एएसपी की जांच के …

बरेली, अमृत विचार। किला के कटघर निवासी अफसार की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण नहीं बल्कि गोली लगने से हुई थी। इसका खुलासा अफसार के कंकाल की एक्स-रे रिपोर्ट में हुआ है। हत्यारोपियों को जैसे ही इसकी भनक लगी तो वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। एएसपी की जांच के बाद किला थाने में आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं, मामले में पुलिस की संलिप्तता के चलते डीआईजी ने एसएसपी को इंस्पेक्टर को निलंबित करने के आदेश दिए। शाम को उन्हें निलंबित कर दिया गया।

किला के कटघर निवासी हिना ने एसएसपी ऑफिस में शिकायत की थी कि उसके पति की प्रॉपटी विवाद में ससुर रिटायर दरोगा अंसार खां और देवर आमिर और सरफराज ने गोली मारकर हत्या कर दी है। उसने बताया था कि जब वह किचन में थी तो गोली चलने की आवाज आयी थी। इसके बाद वह बाहर आयी तो पति खून से लथपथ पड़े थे। उसके बाद अफसार को दो घंटे में ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। हिना मामले का खुलासा न कर दे इसलिए उसे घर में ही बंधक बनाकर रखा गया था।

अगस्त माह में जब वह घर से बाहर निकली तो अधिकारियों के यहां इसकी शिकायत की लेकिन किला इंस्पेक्टर से लेकर किसी अधिकारी ने उसकी नहीं सुनी। उसने एक बार फिर से नए एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से शिकायत की। एसएसपी ने इंस्पेक्टर किला से इसके बारे में जानकारी मांगी तो इंस्पेक्टर ने उसे झूठा बता दिया। इस पर एसएसपी ने मामले की जांच सीओ सेकेंड साद मियां खां को सौंप दी। सीओ की प्रारंभिक जांच में गोली चलने की आवाज आने और जल्द ही सुपुर्द-ए-खाक करने के आरोप सही पाए गए।

इसके बाद एसएसपी ने डीएम को पत्र लिखकर शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। जब कब्र खोदी गई तो वहां अफसार का कंकाल मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका था। इसके बाद एसएसपी ने कंकाल का एक्स-रे कराया। बुधवार को एक्स-रे रिपोर्ट में मृतक के सीने और सिर में छर्रे लगे पाए गए। इससे साफ हो गया कि 312 बोर की गोली चली है। जब पता किया गया तो सामने आया कि युवक के पिता की डबल बैरल बंदूक है।

इसके बाद कप्तान के आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से फरार हो गए। रात में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। देर शाम पुलिस ने आरोपी ससुर अंसार खां और देवर आमिर को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि मामले में सही कार्रवाई न करने पर किला इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

सात लाख रुपये में हुई थी सेटिंग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना वाले दिन पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। तब रिटायर दरोगा और पुलिस के बीच में सेटिंग हो गई थी मामले को निपटाने के लिए सात लाख रुपये से ज्यादा की रकम पुलिस को दी गई थी। इसके बाद जल्द दो घंटे के अंदर शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया था।

अगस्त से थाने के चक्कर काट रही है हिना
हिना पांच माह से चिल्ला चिल्लाकर बता रही थी कि उसके पति की हत्या की गई है लेकिन पुलिस उसे ही फटकार कर थाने से भगा दे रही थी। इसके बाद उसने हिम्मत नहीं हारी और अधिकारियों से मामले की शिकायत करती रही। मोहल्ले के लोगों ने भी उस रात गोली चलने की आवाज सुनी थी।

“महिला ने पति की हत्या का आरोप ससुरालियों पर लगाया था। जांच में उसके आरोप सही पाए गए। कंकाल के एक्स-रे में छर्रे लगने की रिपोर्ट आई है। दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। वहीं इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया गया है।” – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार