अंबेडकरनगर में मनचलों की दबंगई, छात्रा के अपहरण का किया प्रयास-ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
छात्रा ने पुलिस को तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग, मामा के घर रहकर करती है पढ़ाई
अंबेडकरनगर, अमृत विचार। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को महाविद्यालय से घर लौट रही छात्रा का दबंग मनचलों द्वारा अपहरण का प्रयास किया गया। पीडि़ता ने अकबरपुर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीडि़ता छात्रा अपने मामा के घर पर रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रही है।
दबंग किस्म का साधू यादव और शुभम यादव रामनगर जोगापुर के निवासी है। आरोपी पिछले छह माह से महाविद्यालय आते-जाते पीडि़त छात्रा के साथ रास्ते में छेडख़ानी करते हुए फब्बितयां कसते थे। मंगलवार को रोज की तरह युवती महाविद्यालय से घर आ रही थी तभी दबंग मनचलों ने शराब के नशे में युवती को रास्ते में जबरन रोक लिया और अपहरण करने की नीयत से हाथ पकडक़र व मुंह दबोच कर युवती को जबरन गाड़ी पर बैठाने का प्रयास किया। युवती द्वारा शोर मचाने के बाद थोड़ी दूर पर ही राशन की दुकान पर मौजूद लोगों ने दौड़ाकर दोनों मनचले युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दिया। मामले की जानकारी पीडि़ता ने अपने भाई को दी। जिसके बाद भाई ने मामले की सूचना पुलिस को दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा के अपहरण का प्रयास करने वाले आरोपी युवकों को अकबरपुर कोतवाली लायी। पीडि़ता का आरोप है कि दबंगों ने उसे धमकी दिया है कि यदि मामले की शिकायत पुलिस से करोगी तो जिंदा नहीं बचोगी। जिसके बाद से पीडि़ता और उसका परिवार डरा और सहमा हुआ है।
अकबरपुर कोतवाली प्रभारी विरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले में पीडि़त छात्रा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मीडिया कर्मियों से भिड़े एसएसआई
अकबरपुर कोतवाली में तैनात एसएसआई अशोक कुमार मीडिया कर्मियों से भिड़ गए और थाने से बाहर खबर बनाने के लिए कहते हुए अपना आपा खो बैठे और मीडिया कर्मियों पर मुकदमा दर्ज कराने की भी धमकी दे डाली। जिसके बाद उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
ये भी पढ़ें -बहराइच: मुंह में पेट्रोल डालकर आग निकालने का तमाशा पड़ा भारी, झुलसा युवक
