मुरादाबाद: धोखेबाज बैंक मित्र का खाता सीज, 60 लाख हुए रिकवर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ठाकुरद्वारा शाखा में बैंक मित्र की एक करतूत से बैंक के बड़े अधिकारी भी हिल गए हैं। हालांकि 85 लाख की रकम कर्मचारी के खाते से अपने खाते में ट्रांसफर करने के इस मामले में अधिकारियों को रकम रिकवरी में 70 फीसदी से अधिक की सफलता भी मिल …

मुरादाबाद,अमृत विचार। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ठाकुरद्वारा शाखा में बैंक मित्र की एक करतूत से बैंक के बड़े अधिकारी भी हिल गए हैं। हालांकि 85 लाख की रकम कर्मचारी के खाते से अपने खाते में ट्रांसफर करने के इस मामले में अधिकारियों को रकम रिकवरी में 70 फीसदी से अधिक की सफलता भी मिल गई है। आरोपी बैंक मित्र के खाते में मिली 60 लाख की राशि बैंक ने अपने कब्जे में लेली है। अब बाकी के 25 लाख और वसूलने होंगे। आरोपी के अकाउंट को भी सीज कर दिया गया है। साथ ही मुख्य प्रबंधक को इस पूरे मामले की जांच सौंप दी गई है।

ठाकुरद्वारा की पीएनबी में 85 लाख की मोटी रकम को बैंक मित्र द्वारा कर्मचारी के अकाउंट से अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया गया था। मामला छह अक्टूबर का था, उस दिन शाखा प्रबंधक अवकाश पर थे। मामला जब पता चला तो कर्मचारी से लेकर बड़े अफसरों तक के होश उड़ गए। गुरुवार को इस मामले ने अधिकारियों की नींद उड़ा दी और तत्काल प्रभाव से इसमें दो कर्मचारियों को मिलीभगत होने के अंदेशे और लापरवाही मिलने पर निलंबित कर दिया गया। तीन साल से इस बैंक से जुड़े आरोपी बैंक मित्र रियाज अहमद के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। शुरू हुई पुलिस की कार्रवाई के अलावा बैंक ने भी फौरन आरोपी बैंक मित्र के खाते को खंगाला।

अच्छी बात यह रही कि ट्रांसफर की गई उस रकम में वह मात्र 25 लाख ही निकाल सका था। बाकी के 60 लाख उसके खाते में ही सेव पाए गए। फौरन इस रकम को बैंक ने अपने कब्जे में ले लिया। बाकी के 25 लाख की रकम फरार बैंक मित्र के पकड़े जाने के बाद वसूले जा सकते हैं। इसके साथ ही बैंक कर्मचारियों द्वारा यह लापरवाही कैसे हो गई, आखिरकार बैंक मित्र इतनी छूट के साथ बैंक कैसे प्रवेश कर जाता था। उसकी गतिविधियों को किसी अधिकारी कर्मचारी द्वारा क्यों नोटिस नहीं किया गया। बैंक के ऐसे तमाम अंदरूनी खामियों का पता लगाने और पूर्व में कोई ऐसा खेल तो नहीं हुआ इसको कुरेदने के लिए आरएम राजेन्द्र सिंह ने जांच बैठा दी है। यह जांच मुख्य प्रबंधक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। इन्हें एक हफ्ते के भीतर जांच रिपोर्ट आरएम को सौंपनी होगी।

राजेन्द्र सिंह, आरएम, पंजाब नेशनल बैंक  ने बताया कि बैंक मित्र द्वारा कर्मचारी के खाते से 85 लाख की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली है। हमने उसका अकाउंट सीज कर दिया। अकाउंट में मिली 60 लाख की रकम कब्जे में लेली है। इस मामले की जांच मुख्य प्रबंधक को सौंपी गई है। वह जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट सौंपेंगे। सभी शाखाओं को अलर्ट जारी किया गया है कि वे सभी अपने सिस्टम से हटने से पहले उसे पासवर्ड से सिक्योर करें, फिर चाहें वे एक मिनट के लिए ही क्यों न वहां से हटते हों।

संबंधित समाचार