कासगंज: मामूली कहासुनी को रच दिया लूट का ड्रामा, कई घंटे तक चकर घिन्नी बनी रही पुलिस, दौड़ते रहे अफसर
कासगंज, अमृत विचार: साहब..दिनदहाड़े लूट कर ली गई है। हमसे 98000 रुपए लूट लिए गए हैं। जल्द ही पुलिस भेज दो। लुटेरे यहां से भाग चुके हैं। यह सूचना एक व्यक्ति ने पीड़ित बताते हुए पुलिस को दी। कहा वह अपने साथी के साथ आया है। सोरों से कासगंज जा रहा था और अब लूट हो गई है।
इस सूचना के बाद पुलिस चकरघिन्नी बन गई। अफसर मौके पर दौड़ गए। सीसीटीवी कैमरे खंगाले। बाद में सच्चाई कुछ और ही निकली। बाइक के टकराने के बाद हुई आपसी कहासुनी को लेकर दो युवकों ने लूट की। साजिश का ड्रामा रच दिया। सीसीटीवी कैमरे से जब खुलासा हुआ तो फिर पुलिस ने झूठी सूचना देने के आरोपियों को हिदायत दी। हालांकि, फिर दोनों पक्षों के बीच माफीनामा हो गया।
मामला बुधवार दोपहर लगभग 1:00 बजे का है। कासगंज-सोरों रोड पर बीएवी इंटर कॉलेज के सामने एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसके साथ लूट हो गई है। स्कूटी सवार व्यक्ति ने 98000 लूट लिए हैं। उसने पुलिस को बताया कि उसका साथी लवकुश भी उसके साथ था। यह लोग सोरो के गांव करुआवारा से कासगंज की ओर जा रहे थे और फिलहाल कासगंज की गंगेश्वर कॉलोनी में रहते हैं। लूट की सूचना पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
एएसपी राजेश कुमार भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिर पड़ोस में एक निजी स्कूल के सीसीटीवी कैमरे देखे। कमरों के फुटेज से पता लगा कि कोई लूट नहीं हुई। दो लोगों के बीच स्कूटी और बाइक टक्कर को लेकर कहासुनी हुई और उसके बाद लवकुश उसके साथी ने लूट की झूठी साजिश रच दी। पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया। दोनों पक्षों को थाने में बिठाया। देर शाम दोनों पक्षों में माफीनामा हो गया और उन्हें पुलिस ने छोड़ दिया।
लूट की झूठी सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची। मैंने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरे देखे, लेकिन सूचना पूरी तरह झूठी थी। हालांकि, बाद में दोनों पक्षों के भी समझौता हो गया--- राजेश कुमार भारती, एएसपी।
