Lok Sabha Chunav 2024: विपक्षी समाप्त करने के चक्कर में कहीं हाथ से फिसल न जाएं अपने…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विरोधियों व विपक्षियों की पार्टी होने की बात कह मुंह फुलाए घूम रहे वास्तविक नेता

उन्नाव, अमृत विचार। आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्ष को पूरी तरह से समाप्त करने की मंशा से भाजपा जिस प्रकार से किसी भी दल के या फिर पूर्व में विपक्षी रहे नेताओं को पार्टी में शामिल करने में जुटी है इसमें कहीं उनके अपने पुराने नेता हाथ से न फिसल जाएं? यह बात हम नहीं भारतीय जनता पार्टी के पुराने व दिग्गज नेताओं ने दबी जुबान कही है।

साथ ही उन्होंने इसमें उनका नाम सामने न आने की भी शर्त रखी है। उनका यह भी कहना है कि पार्टी के पदाधिकारी ऐसे-वैसे व जैसे-तैसे लोगों को शामिल करने में उनकी या पार्टी के जुझारू कार्यकर्ताओं की सलाह तक नहीं ली जा रही है। 

बता दें लोकसभा चुनाव की आहट मिलते ही गैर दलीय नेताओं को भाजपा में शामिल किए जाने का जारी सिलसिला विपक्ष को भले नागवार गुजर रहा हो लेकिन, भाजपाई इसे लेकर चुटकले बाजी करते हुए नवागतों की कड़ी मेहनत से पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि पीएम मोदी के दावे के अनुरूप इसी तरह विपक्ष को पूरी तरह समाप्त किया जा सकेगा।

चुनाव की तिथियां घोषित होने के काफी पहले से सत्तारूढ़ दल भाजपा में दूसरे दलों के लोगों को शामिल कराने का अभियान शुरू हुआ था। इसके तहत न सिर्फ कद्दावर नेताओं को कमल खिलाने में सहयोगी बनाया जा रहा है बल्कि जिला स्तर पर भी मतदाताओं को प्रभावित करने को गैरदलीय लोगों को शामिल किया जा रहा है।

ऐसे में वे लोग पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी के प्रचार अभियान में भी पुराने भाजपाइयों को पीछे कर पार्टी के जिम्मेदारों (प्रत्याशी व स्थानीय के साथ बाहर से आने वाले नेता) को अपना चेहरा दिखाने पर जोर दे रहे हैं। खास बात यह है कि इस सदस्यता अभियान के तहत भाजपाई बनाने से पहले जनप्रतिनिधियों सहित बूथ स्तरीय पदाधिकारियों तक की सलाह भी नहीं ली जा रही है।

शायद इसीलिए भाजपाई आपसी चर्चा में हो रहे लोकसभा चुनाव में नवागतों को स्वयं को मौका दिए जाने की बात करने लगे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक कद्दावर भाजपा नेता ने कहा कि वर्षों से पार्टी में रहकर बहुत काम कर चुके हैं। अब यह चुनाव भाजपा में शामिल होने वाले नए लोगों की मेहनत से ही जीता जाएगा। एक अन्य भाजपाई ने चुटकी लेते हुए कहा कि नए लोगों को खुद को साबित करने का पूरा मौका मिलना चाहिए। वे लोग तो कई बार पार्टी के प्रत्याशी को जीत दिला चुके हैं।

ये भी पढ़ें- Fatehpur Accident: केमिकल लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा, खलासी की मौत...चालक की हालत गंभीर

संबंधित समाचार