Badaun Double Murder: हत्यारोपी जावेद के आत्मसमर्पण की बात अफवाह, ऑटो चालकों ने दौड़ाकर पकड़ा
ओमेन्द्र सिंह, बरेली, अमृत विचार। बदायूं के बाबा कॉलोनी में दो बच्चों के हत्यारोपी जावेद ने आत्मसमर्पण नहीं किया। बल्कि ऑटो चालकों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। ऑटो चालकों ने उसका वीडियो भी बना लिया था। देर रात बदायूं पुलिस आरोपी को बारादरी थाने से अपने साथ ले गई।
बदायूं के बाबा कॉलोनी में रहने वाले ठेकेदार के दो बेटों की हत्या के आरोपी साजिद को पुलिस ने उसी दिन मार गिराया था। जबकि उसका भाई जावेद फरार हो गया। बुधवार देर रात वह दिल्ली की बस से बरेली पहुंचा। यहां से वह लखीमपुर जाने की फिराक में था। इसी दौरान ऑटो चालक अभिषेक की नजर जावेद पर पड़ गई। उसने व उसके साथियों ने जावेद से जब उसका नाम पूछा तो वह हड़बड़ा गया।
इसके बाद आरोपी जावेद ने भागने का प्रयास किया। तभी अभिषेक व उसके साथियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और ऑटो में बैठा लिया। ऑटो में आरोपी से सभी ने पूछा कि तेरा नाम क्या है। तब उसने अपना नाम जावेद बताया।
आरोपी ने कहा कि वह घटना के बाद दिल्ली भाग गया। वहां से बरेली आया। यहां से लखीमपुर जाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन पकड़ लिया गया। इसके बाद वह गिड़गिड़ाने लगा। कहा कि वह सरेंडर करना चाहता है आप लोग मुझे पुलिस के हवाले कर दो। तब अभिषेक व उसके साथियों ने आरोपी को पकड़कर बारादरी पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर बदायूं पुलिस आरोपी को बरेली से बदायूं ले गई।
खुद का शरीफ बताता रहा आरोपी
पकड़े जाने के बाद आरोपी स्वयं को बेकसूर और शरीफ बताता रहा। कहा कि उसे नहीं मालूम है कि उसके भाई साजिद ने घटना क्यों की। घटना के पीछे आरोपी ने कोई ठोस वजह नहीं बताई। उधर बरेली पुलिस पकड़े गए आरोपी को जावेद होने से इन्कार करती रही। पुलिस ने कहा कि जावेद नहीं बल्कि उसके परिवार का युवक पकड़ा गया है।
ये भी पढ़ें- बीजेपी: दिल्ली से नहीं आई कोई खबर, मायूसी में गुजरा एक और दिन
