Exclusive: जर्मनी में रहने वाले लोगों को भाए पापड़ और पानी के बताशे; मंगाए हजारों पैकेट, ये देश भी लगा सकते हैं बड़ा आर्डर

Exclusive: जर्मनी में रहने वाले लोगों को भाए पापड़ और पानी के बताशे; मंगाए हजारों पैकेट, ये देश भी लगा सकते हैं बड़ा आर्डर

कानपुर, (राजीव त्रिवेदी)। होली में इस बार शहर का स्वाद विदेश तक पहुंचेगा। शहर के एक निर्यातक ने जर्मनी और बेल्जियम में पापड़ और गोलगप्पों का निर्यात किया है जो वहां होली पार्टियों में तड़का लगाएंगे। इस ऑर्डर के जाते ही शहर से जाने वाले उत्पादों में दो उत्पाद और जुड़ गए हैं। इसके पहले मसाले, मिठाइयां जैसे उत्पाद शहर से विदेश पहुंचे हैं। 

आर्डर मिलने के बाद इन उत्पादों की रवानगी की जा रही है। छह हजार पैकेट आलू-जीरा पापड़ व 15 हजार पैकेट गोल गप्पों ‘पानी के बताशे’ को अब तक भेजा जा चुका है। पापड़ का एक पैकेट दो सौ ग्राम का है। आलू-जीरा के यह पैकेट वहां पर 1.95 यूरो प्रति आधा किलो के हिसाब से बिकते हैं। 

गोलगप्पों का पैकेट 0.75 यूरो प्रति 200 ग्राम के अनुसार बेचे जाते हैं। बडी ओवरसीज के एमडी कमलजीत सिंह ने कहा कि यह पहली बार है जब होली से जुड़े बाजार के लिए शहर से कोई उत्पाद विदेश पहुंचा है। विदेश से आए होली के ऑर्डर के साथ उपहार के रूप में थोड़ी मात्रा में ऑग्रेनिक गुलाल को भी भेजा गया है। 

महीनेभर चलती हैं पार्टियां

निर्यातकों ने बताया कि विदेशों में रहने वाले भारतीयों ने विभिन्न क्लब बना रखे हैं। यह क्लब वहां पर होने वाली आम छुट्टियों जैसे रविवार को पर्व से जुड़ी पार्टियां रखते हैं। इन पार्टियों में भारतीयों के साथ वहां के नागरिक भी शामिल होते हैं। इन पार्टियों को आयोजित करने वाले भारतीय उत्पादों की मांग करते हैं। उसी मांग के अनुसार यहां पर ऑर्डर आते हैं। 

अन्य देशों पर नजर

विदेशों में रह रहे भारतीयों के बीच अब त्योहारों पर थीम बेस पार्टियां करने का चलन काफी बढ़ गया है। ऐसे में शहर के निर्यातकों के लिए अब विदेशों में त्योहार से जुड़े उत्पाद का नया बाजार मिलने की संभावना बढ़ गई है। बड़े भारतीय त्योहारों में परोसे जाने वाले पारंपरिक उत्पादों के निर्यात के लिए कारोबारियों ने अमेरिका, रूस, इटली, ब्रिटेन जैसे देशों में बात करनी शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें -Exclusive: 30 वर्ष के बाद गर्भवती होने पर बच्चे में बढ़ जाता ये खतरा; जानें लक्षण और इलाज का तरीका

ताजा समाचार