कासगंज: सिर पर हथौड़ा से प्रहार कर पति ने की पत्नी की हत्या, जानें पूरा मामला
पति- पत्नी के बीच चल रहा था विवाद, न्यायालय से तारीख कर लौट रही थी भाई के साथ
कासगंज, अमृत विचार। ढोलना थाना क्षेत्र के गांव मेमडी के समीप भाई के साथ तारीख कर लौट रही महिला पर पति ने हमला बोल दिया। सर पर हथौड़ा से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। जबकि महिला के भाई को भी मारपीट कर घायल कर दिया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, देर रात तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम लगभग 5:30 बजे की है। ढोलना थाना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर निवासी 27 वर्षीय प्रीति का विवाह लगभग छह साल पहले अलीगढ़ के विकास नगर निवासी विपिन शर्मा के साथ हुआ था, लेकिन शादी के कुछ ही दिन बाद पति पत्नी के बीच विवाद हो गया। पत्नी अपने मायके कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव बहादुरपुर में आ गई। परिवार के लोगों ने मामला न्यायालय में विचाराधीन कर दिया। पूरे मामले में पति को आरोपी बताया गया।
महिला के पिता ज्वाला प्रसाद ने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय को बताया कि उनकी बेटी को उनका दामाद विपिन परेशान करता है। इसलिए न्याय दिलाया जाए। तब से मामला न्यायालय में विचाराधीन है। गुरुवार को मामले में दोनों पक्षों की सुनवाई के लिए तारीख लगी थी। तारीख करने के लिए प्रीति अपने भाई मंजीत के साथ गांव बहादुरपुर से न्यायालय पहुंची।
न्यायालय से तारीख करने के बाद बाइक द्वारा दोनों भाई-बहन वापस गांव जा रहे थे। जब गांव मेमडी के समीप पहुंचे तो इसी बीच प्रीति का पति विपिन अपने चार-पांच अज्ञात साथियों के साथ नहर किनारे मिल गया और बाइक सवार भाई-बहन को रोक लिया। जब तक दोनों भाई-बहन कुछ समझ पाते तब तक विपिन ने पहले तो महिला के भाई मंजीत पर हथौड़ा से प्रहार किया। उसके शरीर में हथौड़ा लगने से वह अचेत होकर गिर गया।
उसके बाद महिला के सिर पर हथौड़ा से प्रहार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, एंबुलेंस के माध्यम से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर भेजा गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मंजीत को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर ढोलना थाना प्रभारी अजयवीर सिंह मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
विधायक ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
सदर विधायक देवेंद्र राजपूत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अशोकनगर पहुंच गए। यहां उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उनकी ग्राम पंचायत के गांव का मामला है। ग्रामीणों ने अवगत कराया तो तुरंत अस्पताल पहुंच गए। महिला का पति परेशान करता था और आए दिन मारपीट करता था। इसलिए वह अपने मायके में रह रही थी। न्यायालय में तारीख का लौट रही थी तो महिला के पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी है। मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
महिला अपने भाई के साथ अपने गांव जा रही थी। तभी रास्ते में हमला हुआ। आरोप है कि उसके पति ने उसकी हत्या की है। आसपास के लोगों से जानकारी ली जा रही है। पूरे प्रकरण की जांच की जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी-अपर्णा रजत कौशिक, एसपी।
ये भी पढ़ें- कासगंज: बैंककर्मी ने शिक्षिका से की अभद्रता, कार्रवाई की मांग...वीडियो वायरल
