केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने भाजपा पर शायराना अंदाज में कसा तंज, कहा- ये गिरफ्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अखिलेश ने भाजपा पर शायराना अंदाज में कसा तंज, कहा- ये गिरफ्तारी एक नई जन-क्रांति को जन्म देगी

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी। 

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक पर लिखा, जो ख़ुद हैं शिकस्त के ख़ौफ़ में क़ैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को क़ैद। भाजपा जानती है कि वो फिर दुबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ़्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ़्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।   

वहीं सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक्स पर लिखा-"भाजपा विपक्षविहीन लोकतंत्र चाहती है केवल एजेंसियों की करवाई विपक्ष के नेताओ के खिलाफ है विपक्षी मुख्यमंत्रियों के खिलाफ करवाई हो रही है पूर्व मुख्यमंत्रियों के खिलाफ हो रही है ये लोकतंत्र के लिये अच्छे संकेत नहीं हैं। समाजवादी पार्टी दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मजबूती से खड़ी है।"

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में बृहस्पतिवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा केजरीवाल को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया।

यह भी पढ़ें:-सीएम अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार, दिल्ली शराब घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई