बरेली: अखिलेश यादव ने दी नसीहत...चुनाव सबसे महत्वपूर्ण, फिलहाल एकजुटता दिखाएं
अनुशासनहीनता की घटनाओं पर लखनऊ तलब किए गए थे बरेली के सभी वरिष्ठ नेता
बरेली, अमृत विचार। सपा के जिला संगठन में अनुशासनहीनता की घटनाओं पर कार्रवाई को फिलहाल चुनाव की वजह से टाल दिया गया है। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से बृहस्पतिवार को बरेली से वरिष्ठ नेताओं को लखनऊ बुलाया गया तो कयास लगाए जाने कि सख्त कार्रवाई होगी लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सभी की बात सुनने के बाद उन्हें चुनाव का हवाला दिया और एकजुटता के साथ मैदान में जुटकर प्रत्याशी को जिताने का मंत्र देकर विदा कर दिया।
बरेली से विधायक अताउर रहमान, पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, शुभलेश यादव, महामंत्री संजीव यादव और जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप बृहस्पतिवार को लखनऊ पहुंचे थे। पार्टी कार्यालय में उनसे मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने बरेली अनुशासनहीनता की घटनाओं पर नाराजगी जताई। पूर्व सांसद वीरपाल सिंह यादव ने जिला संगठन में अध्यक्ष और महामंत्री के बीच आपस में बात न होने का मुद्दा उठाया। इसके बाद अखिलेश यादव ने जिला महामंत्री संजीव यादव को बरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाते हुए कहा कि चुनाव महत्वपूर्ण है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपने मतभेद भुलाकर प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करें।
बता दें कि इससे पहले बरेली में गोल्डन फार्म पर हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में महानगर सचिव डॉ. चांद बाबर के साथ हुई अभद्रता पर पार्टी का एक गुट कार्यकर्ता पर कार्रवाई की मांग कर रही थी। प्रदेश सचिव कलीमुद्दीन, इंजीनियर अनीस अहमद सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने जिलाध्यक्ष को ज्ञापन देकर पार्टी के एक नेता पर कार्रवाई की मांग की थी। करीब 20 दिन से अनुशासनहीनता के मामले पार्टी में उथलपुथल मचाए हुए थे लेकिन अखिलेश यादव ने चुनाव की वजह से फिलहाल कार्रवाई को टाल दिया।
अशोक यादव बने जिला कोषाध्यक्ष
नगर निगम के चुनाव में टिकट वितरण में कुछ कार्यकर्ताओं को टिकट न दिए जाने के विरोध में अपना भी टिकट वापस कर देने वाले अशोक यादव को अखिलेश यादव ने अब महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर उनका कद बढ़ा दिया है। बुधवार को ही जिला संगठन में कोषाध्यक्ष पद का रिक्त हुआ था, अखिलेश के निर्देश पर बृहस्पतिवार को प्रदेश अध्यक्ष ने अशोक को कोषाध्यक्ष मनोनीत करते हुए पत्र जारी कर दिया।
ये भी पढ़ें- बरेली: मौलाना तौकीर रजा पर NSA और गैंगस्टर लगाने लगाने की मांग
