बरेली: अब तक 50 फार्मों की गड़बड़ी पकड़ी गई, समिति जल्द ही मामले में सौंपेगी रिपोर्ट 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जांच शुरू होने के बाद करीब तीन सौ छात्रों ने जमा किया फॉरवर्डिंग शुल्क

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में बिना फाॅरवर्डिंग शुल्क परीक्षा फार्म जमा करने में गड़बड़ी की जांच लगभग 70 प्रतिशत पूरी कर ली गई है। अब तक करीब 50 फार्मों की गड़बड़ी पकड़ी जा चुकी है। इसके अलावा जांच शुरू होने के बाद से 4 मार्च के बाद करीब तीन सौ फार्मों का फाॅरवर्डिंग शुल्क जमा किया गया है। गुरुवार को भी करीब 50 फार्म जमा कर शुल्क जमा किया गया। इसमें छात्रों ने अलग-अलग बहाने बताए हैं। जांच समिति ने गुरुवार को इस संबंध में बैठक की। समिति जल्द ही मामले में रिपोर्ट सौंपेगी।

बता दें 4 मार्च को बरेली कॉलेज में छात्र नितिन को फार्म फाॅरवर्डिंग की फर्जी रसीद से फार्म जमा करते पकड़ा गया था। उसने एक छात्र नेता का नाम भी बताया था। उस दौरान उसने 10 से 12 फार्म जमा करने की बात कबूली थी। उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस मामले में प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने प्रो. रीना अग्रवाल के नेतृत्व में बनी समिति को जांच सौंपी थी। समिति ने कॉलेज में जमा फार्म और विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सत्यापित फार्मों की सूची का मिलान किया तो अब तक करीब 50 फार्मों में गड़बड़ी का खेल पकड़ा गया है।

इसके अलावा सामने आया है कि 4 मार्च के बाद लगातार छात्र फार्म जमा करने पहुंचे और फाॅरवर्डिंग शुल्क भी जमा किया। कई छात्रों ने कहा कि वह शुल्क जमा करना भूल गए थे तो किसी ने घर दूर होने की बात कही। इस दौरान छात्रों ने कुछ छात्रों के भी नाम बताए। जिन छात्रों ने शुल्क जमा किया, उन्हें कहीं न कहीं डर था कि उनकी परीक्षा ही न निरस्त हो जाए।

जानकारी में हो रही दिक्कत
जांच समिति ने जब बिना शुल्क जमा फार्मों की जांच की तो कई में मोबाइल नंबर ही नहीं पड़ा था तो कई में गलत पड़ा था। इसके अलावा कई छात्रों ने फोन ही नहीं उठाया। इसके अलावा विश्वविद्यालय की वेबसाइट भी बंद हो गई और डाटा भी नहीं दिया गया।

ये भी पढ़ें- बरेली: मौलाना तौकीर रजा पर NSA और गैंगस्टर लगाने लगाने की मांग

संबंधित समाचार