Fatehpur Murder: अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या...रहसलीला देखने घर से निकला, आई मौत की खबर, घटनास्थल से ये सामान हुआ बरामद
फतेहपुर में अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या
फतेहपुर, अमृत विचार। गांव में आयोजित रहसलीला देखने घर से निकले एक अधेड़ व्यक्ति की गुरुवार रात सिर कूंचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। देर रात तलाश के दौरान हुई घटना की जानकारी से परिजनों ने उसे कानपुर हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात इलाज दौरान अधेड़ की सांसे थम गईं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बकेवर थाना क्षेत्र के गंगरावल हरदासपुर गांव निवासी श्रीचंद कुशवाहा (50) गांव में हर साल आयोजित होने वाली रहसलीला कमेटी का सक्रिय सदस्य था। वह गांव में खेती किसानी करता था। गुरूवार की रात गांव में रहसलीला कार्यक्रम का आयोजन था।
परिजनों ने बताया कि देर शाम वह खाना खाकर रहसलीला देखने की बात कहकर घर से निकल गया था। देर रात तक उसके न पहुंचने पर कमेटी के अन्य सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की तो लहुलुहान हालत में अपने ही खेत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजनों ने उसे हैलट अस्पताल कानपुर पहुंचाया, जहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मचा रहा।
पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया तो मौके से दो अलग-अलग लोगों की चप्पलें, देशी व अंग्रेजी शराब की खाली दो बोतलें व खून से सना एक ईंट बरामद किया है। मृतक के बड़े भाई रज्जन लाल ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। मामले में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच जारी है, जल्द ही हत्या करने वालों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
ये भी पढ़ें- Kanpur Ghatampur Accident: रोडवेज बस ने साइकिल सवार छात्रों को कुचला...तीन की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
